इन दो IAS अधिकारियों को मिली CM विजय थलापति के सचिव की जिम्मेदारी, आदेश जारी
डॉ. पी. सेंथिल कुमार का तबादला कर उन्हें विजय के अतिरिक्त मुख्य सचिव-सचिव I के पद पर तैनात किया गया है। इसी तरह, लक्ष्मी प्रिया का तबादला कर उन्हें मुख्यमंत्री के सचिव-II के पद पर नियुक्त किया गया है।
चेन्नई, 11 मई 2026। TVK चीफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। सीएम बनते ही विजय ऐक्शन में आ गए हैं और कई बड़े फैसले किए। इस बीच, दो आईएएस अधिकारियों की भी नियुक्ति हुई है, जिन्हें अहम जिम्मेदारी दी गई। तमिलनाडु सरकार ने दोनों IAS अधिकारियों को विजय का आधिकारिक सचिव नियुक्त किया है।
राज्य सरकार के एक आदेश में कहा गया है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. पी. सेंथिल कुमार का तबादला कर उन्हें मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव-सचिव I के पद पर तैनात किया गया है। इसी तरह, आदेश में कहा गया कि आदि द्रविड़ और जनजातीय कल्याण विभाग की सचिव जी लक्ष्मी प्रिया का तबादला कर उन्हें मुख्यमंत्री के सचिव-II के पद पर नियुक्त किया गया है।
हालांकि, 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में 'तमिलगा वेट्री कझगम' को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला, लेकिन विजय कांग्रेस, VCK, CPI, CPI(M) और IUML का समर्थन हासिल करने में कामयाब रहे। इस तरह उन्होंने 120 विधायकों को एकजुट किया और सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों के बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। विजय ने राज्य में बिजली, महिलाओं की सुरक्षा और नशामुक्ति से जुड़ी तीन जन कल्याणकारी योजनाएं भी शुरू कीं।
इसके अलावा, विजय ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए शीर्ष अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद विजय की यह पहली समीक्षा बैठक थी। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, बैठक के दौरान तमिलनाडु में कानून और व्यवस्था की स्थिति का व्यापक आकलन किया गया।