Assembly Election 2026: बंगाल में दो और तमिलनाडु, असम, केरल में एक चरण में वोटिंग, 4 मई को आएंगे नतीजे
बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की 824 सीटों पर विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने सभी राज्यों में तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही पांच राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है।
नई दिल्ली, 15 मार्च 2026। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा हो गई है. इन पांच में चार राज्यों में एक ही चरण में वोटिंग होगी. रविवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सभी राज्यों के चुनावी तारीखों की घोषणा करते हुए बताया कि असम, केरल, पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी. जबकि तमिलनाडु में भी एक ही चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में वोटिंग होगी. सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को आएंगे.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 का पूरा कार्यक्रम
दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं. इन सभी सीटों पर एक चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. वोटों की गिनती 4 मई को होगी. तमिलनाडु में गजट नोटिफिकेशन 30 मार्च को लागू होगा. नामांकन की आखिरी तारीख 6 अप्रैल है. स्क्रूटनी 7 अप्रैल को होगी. 9 अप्रैल तक नाम वापस लिया जा सकेगा.
बंगाल में दो चरण में चुनाव
बंगाल में दो चरण में चुनाव होंगे. पहले चरण में राज्य के 152 विधानसभा सीटों में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. जबकि दूसरे चरण में 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी. वोटों की गिनती 4 मई को सभी 5 राज्यों के साथ ही होगी. मालूम हो कि बंगाल में विधानसभा की कुल सीटें 294 हैं.
असम, केरल, पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को चुनाव, 4 मई को नतीजे
असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी. वोटों की गिनती 4 मई को सभी 5 राज्यों के साथ होगी. गजट नोटिफिकेशन 16 मार्च को जारी होगा, नामांकन का आखिरी तारीख 23 मार्च होगी. 24 मार्च को स्क्रूटनी तो 26 मार्च तक नामवापसी की डेट है. वोटिंग 9 अप्रैल को होगी.