विधानसभा अध्यक्ष ने मेधावी छात्र गजेन्द्र को किया सम्मानित, बारहवीं बोर्ड में सम्पूर्ण राजनांदगांव जिले में किया टॉप
राजनांदगांव, 1 मई 2026। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर के अपने निवास कार्यालय में हाल ही में राजनांदगांव जिले के मेधावी छात्र गजेन्द्र कुमार साहू को सम्मानित किया।उल्लेखनीय है कि गजेन्द्र ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की 12 वीं बोर्ड की परीक्षा में 95 प्रतिशत अंकों के साथ सम्पूर्ण राजनांदगांव जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है । गजेन्द्र ग्राम सुरगी (जिला -राजनांदगांव ) स्थित शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल में कला संकाय के छात्र थे । विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान इस विद्यालय की व्याख्याता किरण साहू भी उपस्थित थीं।
साकेत साहित्य परिषद, सुरगी के अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू ने शुक्रवार को बताया कि प्रतिभावान छात्र गजेन्द्र के पिता हेमंत कुमार साहू सुरगी के प्राथमिक स्कूल में सफाई कर्मचारी हैं और माता देवंतिन साहू गृहणी। डॉ. रमन सिंह ने जिले के टॉपर बनने पर मेधावी छात्र गजेन्द्र को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने गजेन्द्र के माता -पिता की प्रशंसा करते हुए उनके लिए भी अपनी शुभकामनाएँ प्रकट कीं। गजेन्द्र ने राजनांदगांव जिले में 12 वीं बोर्ड के सभी संकायों के परीक्षार्थियों की तुलना में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हैं।
गजेन्द्र साहू प्रारंभ से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उनके बड़े पिता दिलीप कुमार साहू साकेत साहित्य परिषद सुरगी के पूर्व अध्यक्ष,एक अच्छे गीतकार और चर्चित उदघोषक हैं । बारहवीं बोर्ड के रिजल्ट की घोषणा के बाद मेधावी छात्र गजेन्द्र को राजनांदगांव जिले के कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने भी अपने कार्यालय में सम्मानित किया था।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल, राजनांदगांव के ब्लाक शिक्षा अधिकारी राजू साहू और शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल,सुरगी के प्राचार्य यादव राम साहू शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष सुकृत दास साहू और सरपंच सुग्रीव साहू सहित अनेक प्रमुख लोगों ने भी गजेन्द्र को बधाई देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। साकेत साहित्य परिषद सुरगी और साहू समाज के अनेक पदाधिकारियों ने मेधावी छात्र गजेन्द्र के सुरगी स्थित निवास पहुँचकर उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर कई प्रमुख लोगों ने कहा कि छात्र गजेन्द्र ने इस शानदार उपलब्धि से न सिर्फ़ अपने स्कूल, अपने गांव और अपने परिवार का, बल्कि सम्पूर्ण राजनांदगांव जिले का नाम रौशन किया है।