RR vs DC IPL: केएल राहुल की आतिशी पारी, दिल्ली ने पहाड़ सा स्कोर पार कर दिया, 225 रन बनाकर भी हार गई राजस्थान
RR vs DC IPL: दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 226 रन बनाकर जीत दर्ज की।केएल राहुल ने 6 चौके और 5 छक्के की मदद से 40 गेंदों में 75 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं कप्तान रियान पराग की 50 गेंदों में 90 रनों की पारी RR के काम नहीं आई। फरेरा 14 गेंदों पर 6 छक्के जड़कर 47 रनों पर नाबाद रहे।
जयपुर, 2 मई 2026। आईपीएल 2026 के हाईवोल्टेज मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर कमाल की जीत हासिल की। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम ने बोर्ड पर 225 रन लगाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम ने इस टारगेट को आखिरी ओवर तक 3 विकेट खोकर चेज कर लिया। यह आईपीएल इतिहास में दिल्ली का सबसे बड़ा चेज है।
केएल राहुल की आतिशी पारी, जीती दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स के लिए पारी की शुरुआत करने आए पथुम निसंका और केएल राहुल ने अपनी टीम को कमाल की शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़ दिए। निसंका ने 33 गेंदों पर 62 रन बनाए। वहीं राहुल के बल्ले से 40 गेंदों पर 75 रन आए। इसके बाद 17 गेंदों पर 33 रन की पारी नीतीश राणा ने भी खेली। आखिर में ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 18 और आशुतोष शर्मा ने नाबाद 25 रन बनाकर अपनी टीम के लिए मैच को खत्म किया। राजस्थान के लिए रविंद्र जडेजा, तुषार देशपांडे और जोफ्रा आर्चर ने 1-1 विकेट लिए।
रियान पराग ने खेली कप्तानी पारी
कप्तान रियान पराग की शानदार पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को जीत के लिए 226 रन का टारगेट दिया है। राजस्थान की कोशिश इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरा पायदान हासिल करने की होगी। मैच में टॉस जीतकर रियान पराग ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। शुरुआत में कप्तान का यह निर्णय गलत साबित होता नजर आया। मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले यशस्वी जायसवाल (6) तीसरी गेंद पर अपना कैच गेंदबाज मिचेल स्टार्क को थमा बैठे।
राजस्थान की शुरुआत रही खराब
अगले ओवर की पांचवीं गेंद पर टीम ने वैभव सूर्यवंशी का विकेट भी खो दिया, जो महज एक चौका लगाकर पवेलियन लौट गए। टीम ने 1.5 ओवरों तक 12 के स्कोर पर अपने 2 विकेट खो दिए थे। यहां से कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 102 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 114 के स्कोर तक पहुंचा दिया। जुरेल 30 गेंदों में 1 छक्का और 4 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यहां से रियान पराग ने रविंद्र जडेजा के साथ चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। जडेजा 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान पराग ने 50 गेंदों में 5 छक्कों और 8 चौकों के साथ 90 रन की पारी खेली।
फरेरा की शानदार पारी
डोनोवन फरेरा ने शुभम दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 15 गेंदों में 40 रन जुटाकर राजस्थान को 200 के पार पहुंचाया। फरेरा 14 गेंदों में 6 छक्कों और 2 चौकों के साथ 47 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान ने निर्धारित ओवरों में 225/6 का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से मिचेल स्टार्क ने 40 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि काइल जैमीसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।