बीजेडी सांसद देवाशीष सामंतराय ने छोड़ी पार्टी, नवीन पटनायक के खास थे
बीजेडी के सांसद राज्यसभा देवाशीष सामंतराय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. वे नवीन पटनायक के बहुत करीबी माने जाते थे. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ के साथ संवाददाता अभय कुमार बनर्जी की रिपोर्ट:-
भुवनेश्वर, 25 मई 2026. ओड़िशा के राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है. बीजू जनता दल (बीजेडी) के सांसद राज्यसभा देवाशीष सामंतराय ने पार्टी छोड़ दी है. उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है. वे पूर्व मुख्यमंत्री तथा बीजू जनता दल के सुप्रीमो नवीन पटनायक के करीबी माने जाते थे. उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्टी में उन्हें व्यवस्थित तरीके से कमतर दिखाया जा रहा है और पार्टी को अब उनकी आवश्यकता नहीं है. बीजेडी के अध्यक्ष नवीन पटनायक को भेजें अपने इस्तीफे में सामंत राय ने कहा कि वह राज्यसभा के लिए नामांकित करने को लेकर पार्टी सुप्रीमो के हमेशा ऋणी रहेंगे.
"अब पार्टी को मेरी सेवाओं की जरूरत नहीं."
देवाशीष सामंतराय ने पत्र में लिखा, " मैंने हमेशा खुद को पार्टी के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य किया एवं कुछ वर्षों में पूरी दृढता और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी के लिए काम किया है. हालांकि, मुझे लगता है कि हाल के दिनों में मुझे पार्टी के भीतर व्यवस्थित रूप से छोटा दिखाया गया. मुझे लगता है कि अब बीजू जनता दल को मेरी सेवाओं की जरूरत नहीं है. इसलिए मैंने जनहित में यह कठिन फैसला लिया है और आपसे मेरा इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध है."
उन्होंने कहा, "मैं आज यानी 25 मई 2026 को बीजू जनता दल की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं." सामंतराय ने लिखा, " राज्यसभा के लिए मुझे नामांकित करने के लिए मैं आपका हमेशा ऋणी रहूंगा. मैं और विभाजित कटक जिले के लोगों की सेवा करने और राष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैमाने पर ओड़िशा के मुद्दों को उठाने का अवसर देने के लिए आपके प्रति अपनी सच्ची और गहरी कृतज्ञता व्यक्त करने का यह अवसर लेता हूं.