• बेमेतरा में किसान से 15 हजार की रिश्वत लेते पटवारी एसीबी के हत्थे चढ़ा

    बेमेतरा में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की। एक पटवारी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। किसान नरोत्तम साहू से जमीन संबंधी काम कराने के एवज में 25 हजार रुपये मांगने वाले पटवारी को एसीबी की टीम ने ट्रैप लगाकर पकड़ा। किसान की शिकायत पर की गई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।

    बेमेतरा, 25 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिला के अंतर्गत साजा ब्लॉक मुख्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार  को बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी ओंकार सोनवानी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी पर ग्राम बोड़ के किसान नरोत्तम साहू की जमीन के बंटवारे और नया ऋण पुस्तिका जारी करने के एवज में 25 हजार की मांग कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किसान नरोत्तम साहू अपने जमीन के बंटवारे और ऋण पुस्तिका को लेकर लंबे समय से पटवारी कार्यालय के चक्कर काट रहा था। 

    काम को आगे बढ़ाने के लिए पटवारी ओंकार सोनवानी ने उससे रिश्वत मांगी। दोनों के बीच 15 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। किसान ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की प्रारंभिक जांच और पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। 

    तय योजना के अनुसार, किसान पटवारी के पास पहुंचा और जैसे ही उसने 15 हजार रुपए दिए। पहले से मौजूद एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम ने आरोपी पटवारी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।