• बोर्ड के टॉपर देखेंगे आईपीएल मैच, शिक्षा विभाग का आदेश

    सीजी बोर्ड के 10वीं और 12वीं मेरिट के छात्र  10 मई 2026 को शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियन्स के बीच खेले जाने वाले आईपीएल मैच का लुफ्त उठाएंगे। छात्रों के लिए टिकट, भोजन और ठहरने की पूरी व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जाएगी।

    रायपुर 3 मई 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षा को प्रोत्साहित करने और मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्णय लिया है कि 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में स्थान पाने वाले छात्रों को आईपीएल मैच दिखाया जाएगा। यह मैच 10 मई 2026 को आयोजित होगा, जिसे लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

    यह मुकाबला नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियन्स के बीच खेला जाएगा। इस पहल के तहत मेरिट में आए छात्रों को उनके संबंधित शिक्षकों के साथ मैच देखने के लिए भेजा जाएगा। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि छात्रों को मैच वाले दिन सुबह 10 बजे तक एससीईआरटी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

    सरकार ने इस पूरी व्यवस्था को लेकर विस्तृत प्लान तैयार किया है। छात्रों के लिए मैच के टिकट, आने-जाने की सुविधा, ठहरने और भोजन की व्यवस्था पूरी तरह प्रशासन द्वारा की जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी छात्र को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे इस अनुभव का पूरा आनंद उठा सकें।

    अधिकारियों के अनुसार, यह पहल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य छात्रों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। सरकार का मानना है कि इस तरह के कदम से छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी और वे अपनी पढ़ाई के प्रति अधिक गंभीर होंगे।