भाई तेजस्वी यादव तमिलनाडु में आपका स्वागत है.. कर्पूरी ठाकुर का जिक्र करके एमके स्टालिन ने क्या लिखा
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पारित नहीं होने को लेकर जहां देश में राजनीति गर्म है तो वहीं दूसरी तरफ बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव डीएमके के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए तमिलनाडु पहुंचे. एमके स्टालिन ने तेजस्वी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि वे मिलकर सामाजिक न्याय के लिए लड़ाई जारी रखेंगे. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
चेन्नई, 19 अप्रैल 2026. बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तथा राजद नेता तेजस्वी यादव शनिवार को तमिलनाडु पहुंचे. जहां पर डीएमके प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सोशल मीडिया पर तेजस्वी के स्वागत वाली तस्वीर को साझा करते हुए लिखा है कि तमिलनाडु में आपका स्वागत है, भाई तेजस्वी यादव.
शनिवार शाम मेट्टूपालयम में हम थंथाई पेरियार और कर्पूरी ठाकुर की विरासत से प्रेरित होकर सामाजिक न्याय के लिए एकजुट हो रहे हैं. हम सब मिलकर नफरत पर पनपने वाली और बांटने वाली ताकतों को पराजित करेंगे एवं एक न्यायपूर्ण, एकजुट भारत बनाएंगे. तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे.
तेजस्वी बोले -- पहले जाति जनगणना हो
डीएमके समर्थन में प्रचार के लिए तमिलनाडु पहुंचने पर तेजस्वी यादव ने कोयंबटूर में महिला आरक्षण बिल पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने संविधान
(131वां संशोधन) बिल लोकसभा में पारित नहीं होने पर कहा कि महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका था. परिसीमन एक अलग मुद्दा है. हम पहले जाति जनगणना चाहते हैं. बीजेपी जानती थी कि यह बिल पास नहीं होगा. वे यह बिल सिर्फ यह दिखाने के लिए लाए कि वे महिलाओं के पक्ष में हैं और हम नहीं हैं. यह बिल्कुल गलत है.
तेजस्वी इससे पहले केरल भी गए थे
तेजस्वी यादव इससे पहले केरल में भी चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे. बिहार विधानसभा चुनावों से जब तेजस्वी ने राहुल गांधी के साथ मतदाता अधिकार यात्रा निकाली थी तो उसमें एमके स्टालिन भी पहुंचे थे. एमके स्टालिन और तेजस्वी यादव पहले भी कई मौकों पर एक दूसरे से मिल चुके हैं. तमिलनाडु विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं. राज्य में सरकार बनाने के लिए 118 सीटों के जादुई आंकड़े की जरूरत होती है. राज्य में डीएमके का मुकाबला एआईएडीएमके की अगुवाई वाले एनडीए एलाइंस से है.