Colombia plane crash: टेकऑफ के तुरंत बाद सेना का प्लेन क्रैश: अब तक 66 की मौत और दर्जनों घायल
कोलंबिया/ नई दिल्ली, 24 मार्च 2026। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया के अमेज़न इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सोमवार (23 मार्च) को कोलंबियाई वायुसेना का एक हरक्यूलिस C-130 विमान उड़ान भरते ही हादसे का शिकार हो गया। इस भयानक दुर्घटना में अब तक कम से कम 66 लोगों की मौत हुई, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। विमान में कुल 125 लोग सवार थे और कई यात्री अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैन्य परिवहन C-130 हरक्यूलिस विमान पुटुमायो प्रांत के पुएर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। घटना के समय विमान में 114 सैनिक और 11 चालक दल के सदस्य सवार थे।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा दक्षिणी कोलंबिया के पुटुमायो विभाग में स्थित प्यूर्टो लेगुइजामो के पास हुआ। बताया जा रहा है कि विमान ने जैसे ही रनवे से उड़ान भरी, वह मुश्किल से 1.5 किलोमीटर दूर जाकर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, प्लेन उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद सीधे जमीन की तरफ गिरने लगा (नोजडाइव)। गिरने के दौरान विमान का एक पंख पेड़ से भी टकराया, जिससे धमाका और भीषण हो गया। अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चला है। कोलंबियाई सरकार ने घटना की जांच के लिए टीम गठित की है। यह कोलंबियाई इतिहास की अब तक की घातक दुर्घटना है।
विमान में गोला-बारूद भी था
कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा कि लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित हरक्यूलिस C-130 परिवहन विमान "प्यूर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भरते समय एक दुखद दुर्घटना का शिकार हुआ है। सांचेज़ ने बताया कि विमान के माध्यम से गोला-बारूद भी ले जाया जा रहा था, जिससे आग लगने के बाद भारी विस्फोट हुआ है। हादसे में मारे गए लोगों में 58 सैनिक, 6 वायुसेना कर्मी और 2 पुलिस अधिकारी मारे गए हैं।
धमाकों ने बढ़ाई मुश्किल
बचाव कार्य में सबसे बड़ी बाधा विमान में मौजूद विस्फोटक और गोला-बारूद बने। चूंकि यह एक सैन्य परिवहन विमान था, इसलिए इसमें भारी मात्रा में हथियार ले जाए जा रहे थे। क्रैश के बाद इनमें धमाके शुरू हो गए, जिससे चारों तरफ आग फैल गई। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने मलबे से लोगों को निकालने की कोशिश की, लेकिन आग और धमाकों की वजह से घटनास्थल तक पहुँचना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
राष्ट्रपति ने जताई नाराजगी
इस हादसे के बाद कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने गहरा दुख जताया है। साथ ही, उन्होंने सैन्य साजो-सामान के आधुनिकीकरण में हो रही देरी पर कड़ा गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि सेना के पुराने पड़ रहे विमानों और हथियारों को बदलने के उनके आदेश में नौकरशाही बाधा बन रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर अब भी देरी हुई, तो जिम्मेदार अधिकारियों को पद से हटा दिया जाएगा।