DC vs RCB IPL: आरसीबी की तूफानी गेंदबाजी के सामने दिल्ली 75 रनों पर ढेर, 81 गेंद रहते दिल्ली कैपिटल्स को दी पटखनी
Delhi Capitals vs Royal Challengers Bengaluru: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स के 76 रनों के लक्ष्य का पीछा करते उसे 9 विकेट से हरा दिया है। इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम 16.3 ओवर में मात्र 75 रन ही बना सकी।
नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2026। आईपीएल 2026 के 39वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आसानी से अपने नाम कर लिया। टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस मैच को 81 गेंद रहते 9 विकेट से जीता। आरसीबी के गेंदबाजों ने दिल्ली कैपिटल्स की पारी को सिर्फ 75 रनों पर समेट दिया। इसके बाद आरसीबी ने विस्फोटक बैटिंग करते हुए मैच को 7वें ओवर में ही जीत लिया।आईपीएल में गेंद बाकी रहते सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के नाम है। टीम ने 2008 सीजन में केकेआर को 87 गेंद बाकी रहते हराया था। आरसीबी की टीम इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गई है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी दिल्ली कैपिटल्स महज 16.3 ओवर ही खेल सकी। मैच की दूसरी गेंद पर साहिल परख के रूप में पहला झटका लगा। साहिल अपने आईपीएल करियर के पहले मैच में खाता तक नहीं खोल सके। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। मेजबान टीम ने महज 8 के स्कोर तक 6 विकेट खो दिए थे। इसके बाद डेविड मिलर ने अभिषेक पोरेल के साथ सातवें विकेट के लिए 31 गेंदों में 35 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। 9वें ओवर की अंतिम गेंद पर मिलर आउट हो गए। उन्होंने 18 गेंदों में 3 चौकों के साथ 19 रन की पारी खेली।
इस बीच धूलभरी आंधी शुरू हो गई और कुछ मिनटों के लिए मैच रोकना पड़ा। हालांकि, सभी खिलाड़ी मैदान पर ही डटे रहे। फिर खेल शुरू हुआ तो अभिषेक ने मोर्चा संभालते हुए 33 गेंदों में 30 रन जुटाए। उनके अलावा, काइल जेमीसन ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। आरसीबी की तरफ से जोश हेजलवुड ने 12 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट निकाले। रासिख सलाम डार, सुयश शर्मा और क्रुणाल पांड्या ने 1-1 विकेट हासिल किया।
DC Score: 75/10 (16.3 ओवर)
RCB Score: 77/1 (6.3 ओवर)
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग XI: साहिल पारख, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), दुष्मंथा चमीरा, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव, टी नटराजन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग XI: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम दार