पश्चिम बंगाल में थम गया चुनाव प्रचार, बीजेपी- टीएमसी ने झोंक दी पूरी ताकत, 29 अप्रैल को मतदान
पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार अब थम गया है. कल यानी 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है, जिसके लिए सोमवार शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार रोक दिया गया है. इस बार बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
कोलकाता, 28 अप्रैल 2026. पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार का शोर अब पूरी तरह से थम चुका है. यहां दो चरणों में चुनाव होना है, जिसमें पहले चरण का वोटिंग 23 अप्रैल को हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का वोटिंग कल यानी 29 अप्रैल को होना है. ऐसे में दूसरे चरण के लिए मतदान को लेकर चुनाव प्रचार सोमवार शाम तक जारी रहा. शाम 5 बजे पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद कल यानी बुधवार (29 अप्रैल) को वोटिंग होना है. बता दें कि इस दौरान सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी. एक तरह बीजेपी और दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के तमाम नेताओं ने पूरे जोर शोर से चुनाव प्रचार किया.
टीएमसी - बीजेपी में कांटे की टक्कर
पश्चिम बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच मुख्य रूप से मुकाबला माना जा रहा है. एक तरफ जहां तृणमूल कांग्रेस अपनी कुर्सी बचाने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी इस बार बंगाल में विजय पताका फहराने में कोई कसर छोड़ना नहीं चाहती. इसके लिए भाजपा के तमाम बड़े नेता महीनों से पश्चिम बंगाल में ही रुके हुए हैं. पीएम मोदी खुद पश्चिम बंगाल में विभिन्न जनसभाओं, रैलियों और रोड शो में शामिल हुए हैं. इसके अलावा अमित शाह, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ जैसे दिग्गज नेताओं को भी बीजेपी ने चुनाव प्रचार में उतारा.
पहले चरण में 91.78 प्रतिशत मतदान
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार 23 अप्रैल को संपन्न हुआ. चुनाव आयोग इंडिया के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान प्रतिशत 91.78% रहा, जो पिछले चुनाव के मुकाबले कहीं अधिक है. उच्च मतदान के आंकड़े सक्रिय चुनावी प्रक्रिया को दर्शाते हैं, क्योंकि सभी निर्वाचन क्षेत्रों में कारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटिंग प्रक्रिया संपन्न हुआ. जबकि अब दूसरे चरण का वोटिंग 29 अप्रैल को यानी कल होगा, जिसके लिए चुनाव प्रचार थम गया है. दोनों चरणों के वोटों की गिनती 4 मई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे.
कौन जीतेगा नंदीग्राम
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर इस बार चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है, जहां भाजपा छोड़कर टीएमसी में आए पवित्र कर को पार्टी ने सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है. अब देखना होगा कि किसे मिलेगी जीत और कौन होगा रण से बाहर?
142 सीट पर 29 अप्रैल को मतदान, भवानीपुर में ममता से शुभेंदु की टक्कर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार सोमवार शाम को समाप्त हो गया. अब 29 अप्रैल को यानि कल 142 सीटों पर मतदान होगा. दक्षिण बंगाल के 7 जिलों में होने वाले अंतिम चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे. सबसे हाई प्रोफाइल मुकाबला भवानीपुर सीट पर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी से है.
प्रमुख चुनावी मुद्दे: ◆ प्रचार के दौरान घुसपैठ, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और विकास के मुद्दों पर टीएमसी और बीजेपी के बीच तीखी बहस और कड़ी टक्कर है. ◆ सुरक्षा और परिणाम : चुनाव आयोग ने कड़ी सुरक्षा के लिए 2407 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनाती की है. वहीं दूसरे चरण के बाद, चुनाव परिणाम 4 मई, 2026 को घोषित किए जाएंगे. बता दें कि दूसरे चरण में टीएमसी के गढ़ दक्षिण बंगाल में मतदान होने जा रहा है, और भाजपा इस किले को भेदने की कोशिश कर रही है, जहां 2021 में टीएमसी ने इन 142 सीटों में से123 सीटों पर जीत दर्ज की थी.