उफनती नदी में कार डालना पड़ा भारी, तेज बहाव में बह गई कार, पति-पत्नी लापता, गोताखोरों की मदद से खोजबीन जारी
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया, जब नदी में तेज बहाव के बीच पुल पार करने की कोशिश में एक कार पानी में बह गई जबकि कार में सवार पति- पत्नी लापता है, जिनकी खोजबीन की जा रही है. खबर है कि पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला कर लापता दंपति को तलाश रही है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
सारंगढ़, 27 जुलाई 2026. जानकारी के मुताबिक, यहां के सारंगढ़- बरमकेला रास्ते पर माधोपाली पउल पर एक कार पानी की तेज बहाव में बह गई. बताया जा रहा है कि कार में देव ट्रेडर्स के संचालक देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ सवार थे. सोमवार को वे सारंगढ़-- बरमकेला रास्ते से गुजर रहे थे. इसी दरम्यान माधोपाली स्थित लात नदी में पानी का बहाव काफी तेज था. तेज बहाव के बावजूद कार ड्राइवर ने पुल पार करने की कोशिश की, लेकिन कार अनियंत्रित होकर उफ़नते नदी की धारा में बह गया.
घटना की सूचना मिलते ही सारंगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया. उधर, लापता दंपति की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को भी बुला लिया गया है. पुलिस और बचाव टीम नदी के आसपास सर्च अभियान चला रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है.
गोताखोरों की टीम द्वारा खोज जारी
इस घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. वे लोग पति-पत्नी के सब कुशल मिलने की उम्मीद में पूजा अर्चना करते भी नजर आए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गोताखोरों की टीम द्वारा लापता दंपति की खोजबीन युद्ध स्तर पर जारी है. इस बीच प्रशासन ने भी लगातार हो रही बारिश के बीच लोगों से अपील की है कि उपनते नदियों, पुल - पुलियों और तेज बहाव वाले इलाकों को पार करने का जोखिम न उठाएं. पुलिस ने कहा है कि मौसम खराब होने की स्थिति में सतर्कता बरतना ही सबसे सुरक्षित उपाय है.