• टूटी थी पैर की हड्डी, डॉक्टरों ने कर दिया दिल का ऑपरेशन, महिला की हो गई मौत, मचा बवाल

    पानीपत के एक अस्पताल पर इलाज में गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं. सड़क दुर्घटना में पैर की हड्डी टूटने के बाद अस्पताल में भर्ती महिला का बिना परिजनों की सहमति से दिल का ऑपरेशन कर स्टेंट डाल दिया गया. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. परिजनों ने फर्जी हस्ताक्षर कर ऑपरेशन करने और  धमकाने का अस्पताल पर आरोप लगाया है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-

    पानीपत, 27 जुलाई 2026. हरियाणा के पानीपत से इलाज में लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतक महिला परिवार का  दावा है कि सड़क दुर्घटना में घायल महिला को केवल पैर की हड्डी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन अगले ही दिन बिना जानकारी और सहमति के उसके दिल का ऑपरेशन कर दिया गया. आरोप है कि दिल में स्टेंट डाला गया और इसके लिए सहमति पत्र पर फर्जी हस्ताक्षर तक कर दिए गए. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई.
    मामला पानीपत शहर के जीटी रोड  स्थित पार्क अस्पताल का है.

    परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के गांव काशीपुर निवासी कुलदीप इन - दिनों पानीपत के रमेश नगर में परिवार के साथ रह रहे हैं. कुलदीप ने बताया कि पिछले 24 जुलाई को उनकी मां गुड्डी देवी  सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थी. हादसे में उनके पैर की हड्डी टूट गई थी. इलाज के लिए उन्हें यहां के जीटी रोड स्थित पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि पैर का इलाज किया जाएगा और महिला जल्द स्वस्थ होकर घर को लौट आएंगी.

    पैर का इलाज कराने आए थे, दिल का कर दिया ऑपरेशन

    शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यही लगाया गया कि 25 जुलाई को अस्पताल के डॉक्टरों ने बिना परिवार को बताए महिला के दिल की  एंजियोप्लास्टी कर दी और दिल में स्टेंट डाल दिया. परिजनों के मुताबिक, कथित तौर पर अनावश्यक चिकित्सा प्रक्रिया के बाद महिला की तबीयत बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मां की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है. बेटे कुलदीप का कहना है कि उन्हें यह समझ नहीं आया कि आखिर पैर की चोट के इलाज के दौरान दिल का ऑपरेशन क्यों कर दिया गया?फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है.