• ED डायरेक्टर को मिला 1 साल का एक्सटेंशन

    देशभर में ED की व्यापक कार्रवाई के बीच प्रवर्तन निदेशालय के डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय टैक्सेशन और वित्तीय अपराधों की जांच का लंबा अनुभव ने राहुल नवीन को बोनस दिलवाया।

    नई दिल्ली, 10 अगस्त 2026। केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय यानी ED के डायरेक्टर राहुल नवीन के कार्यकाल को एक साल के लिए बढ़ा दिया है। 8 अगस्त 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट ने राहुल नवीन, IRS (IT:93074) का कार्यकाल 13 अगस्त 2026 के बाद एक साल यानी 13 अगस्त 2027 तक बढ़ाने को मंजूरी दी है। खास बात यह है कि यह एक्सटेंशन उनकी 31 जुलाई 2027 को होने वाली सुपरएनुएशन की तारीख के बाद भी सेवा जारी रखने को कवर करता है। आदेश में साफ किया गया है कि उनका कार्यकाल 13 अगस्त 2027 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, जारी रहेगा।

    30 साल से ज्यादा का अनुभव, अंतरराष्ट्रीय टैक्सेशन के विशेषज्ञ
    राहुल नवीन 1993 बैच के भारतीय राजस्व सेवा यानी IRS अधिकारी हैं। ED की आधिकारिक प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने आयकर विभाग में 30 साल से ज्यादा समय तक काम किया है और उन्हें इंटरनेशनल टैक्सेशन का विशेषज्ञ माना जाता है। उन्होंने IIT कानपुर से B.Tech और M.Tech किया है, जबकि Swinburne University of Technology, Melbourne से MBA की डिग्री हासिल की है।

    उनके करियर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा अंतरराष्ट्रीय टैक्सेशन और सीमा-पार वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामलों में रहा है। 2004 से 2008 के दौरान, उन्होंने इंटरनेशनल टैक्सेशन डायरेक्टोरेट, मुंबई में काम किया और कई ऐसे ऑफशोर ट्रांजैक्शन में टैक्स डिमांड तय करने में भूमिका निभाई, जिनकी वास्तविक संपत्तियां भारत में थीं।