मुंबई- हैदराबाद में कई जगह ED की दबिश, रिलायंस पॉवर पर कसा शिकंजा
उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) ने मुंबई और हैदराबाद में कई जगहों पर छापेमारी की. करीब 15 टीम में जांच में जुटी है और कंपनी के अधिकारियों से जुड़े ठिकानों की तलाशी ली जा रही है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट :-
मुंबई/ हैदराबाद, 6 मार्च 2026. ईडी ने शुक्रवार को उद्योगपति अनिल अंबानी से जुड़ी कंपनियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले की तहकीकात के तहत कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की. यह कार्रवाई मुख्य तौर पर उनकी समूह कंपनी रिलायंस पावर से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, यह जांच बैंक धोखाधड़ी से जुड़ी हुई मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों पर केंद्रित है. इसी कड़ी में ईडी की टीमें कई दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटाने में लगी है. एजेंसी इस मामले में वित्तीय लेनदेन और कंपनियों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
हैदराबाद और मुंबई में छापेमारी
ईडी ने इस जांच के तहत दो बड़े शहरों में एक साथ कार्रवाई शुरू की. अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई और हैदराबाद में कंपनी और उससे जुड़े अधिकारियों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. बताया जा रहा है कि दोनों शहरों में लगभग 10 से 12 जगह को सर्च ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया है. इन जगहों पर एजेंसी के अधिकारी दस्तावेज, कंप्यूटर रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय जानकारी की तहकीकात कर रहे हैं. छापेमारी का मकसद कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सबूत जुटाना बताया जा रहा है.
15 टीमें जांच में जुटी
इस पूरे ऑपरेशन के लिए ईडी ने बड़ी संख्या में अधिकारियों को लगाया है. जानकारी के मुताबिक, एजेंसी की लगभग 15 टीमें अलग-अलग जगहों पर एक साथ कार्रवाई कर रही है. हर टीम को विशेष तौर पर वित्तीय दस्तवेजों और लेनदेन की जांच की जिम्मेदारी दी गई है. जबकि अधिकारी कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों से भी पूछताछ कर सकते हैं. जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित बैंक धोखाधड़ी के पैसे को किस तरह से घुमाया गया. फिलहाल तहकीकात जारी है.