• मैं हूं ना.. राज्यसभा जाने पर रोने लगे मंत्री और विधायक, तो मुख्यमंत्री...

    जदयू विधानमंडल  दल की बैठक में जैसे ही नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की बात कही, तो सभी विधायक और मंत्रियों की आंखों से आंसू आ गए. इसके बाद नीतीश ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मैं हूं ना, चिंता मत करिए. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
    पटना, 6 मार्च 2026. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय पर जनता दल यूनाइटेड के मंत्री और विधायक भावुक हो गए. नीतीश के आवास पर शुक्रवार शाम को हुई जेडीयू विधानमंडल दल की बैठक में मंत्री- विधायक रोने लगे. उनकी आंखों से आंसू आ गए. इसके बाद नीतीश ने उन्हें भरोसा दिलाया और कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं से हमेशा जुड़े रहेंगे और उनका मार्गदर्शन करते रहेंगे. बैठक के बाद जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने पत्रकारों को यह जानकारी दी.

    नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया था . इसके बाद से बिहार में सियासत गर्म है. इसी बीच पटना में मुख्यमंत्री आवास में शुक्रवार शाम एक अहम बैठक बुलाई गई. इसमें पार्टी के सभी विधायक, सांसद, एमएलसी और मंत्री मौजूद रहे. बैठक में नीतीश कुमार ने अपने राज्यसभा जाने के निर्णय के बारे में जानकारी दी, तो सभी नेता भावुक हो गए.

    नीतीश कुमार ने उनसे कहा, "मैं हूं ना, किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है. विकास और सरकार से संबंधित कार्यों को देखते रहेंगे. आपकी समस्याओं का समाधान करते रहेंगे." बाद में सभी विधायकों ने नीतीश को आश्वस्त किया कि वह उनके फैसले के साथ खड़े हैं. बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश के कहने पर ही यह मीटिंग बुलाई गई. बैठक में नीतीश ने कहा आप लोगों को हम छोड़ नहीं रहे हैं, आपके बीच ही रहेंगे. उनकी राज्यसभा जाने की इच्छा थी, इसलिए नामांकन किया.

    राजनीति में निशांत के आने पर बनी सहमति
    इस बैठक में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने पर भी सहमति बन गई. सभी विधायकों ने नीतीश के सामने निशांत को राजनीति में लाने की मांग की. इसके बाद पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष  संजय झा इसका प्रस्ताव लेकर आए. इस पर सभी विधायक और एमएलसी ने अपना समर्थन दिया. बाद में संजय झा ने निशांत को पार्टी में शामिल करने की घोषणा की. बैठक में फैसला लिया गया कि निशांत कुमार शनिवार ( 7 मार्च) को जदयू की सदस्यता लेंगे और आने वाले दिनों में वे बिहार भ्रमण भी करेंगे.