हैदराबाद में 'गीत चाँदनी का होली के रंग, कवियों के संग ' कवि सम्मेलन संपन्न
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-
हैदराबाद, 7 मार्च 2026. यहां के मौजमजाही मार्केट स्थित आरोग्य हॉस्पिटल, कैलाश डायग्नोस्टिक सेंटर
के सेलार सभागृह में अग्रवाल समाज शाहअलीबंडा शाखा एवं साहित्यिक संस्थान 'गीत चाँदनी' के संयुक्त तत्वावधान में 'होली के रंग, कवियों के संग ' कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया. आयोजित कवि सम्मेलन में हास्य - व्यंग, गीत और गजल के रचनाकारों ने भाग लिया. गीतकार चंपालाल बैद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का मंच संचालन गीत चाँदनी के कार्यदर्शी कवि गोविंद अक्षय ने किया.
जबकि शाखा के संस्थापक महावीर प्रसाद डाकोनिया ने सभी आगंतुकों का अभिनंदन किया. इस दौरान सभी कवियों और रचनाकारों को होली की विशेष माला सह खास टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए. वहीं, कवि सम्मेलन का आरंभ मुख्य अतिथियों और विशेष अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के फोटो चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं अग्रसेन महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और पूजा के साथ हुआ. कवि संतोष कुमार मिश्र माधुर्य और कवियित्री आशा ठाकुर ने अपनी सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की.
डॉ. प्रेमलता श्रीवास्तव, अनुज कुमार, अंजनी कुमार गोयल, डॉ. जगदंबा वर्मा एवं अवकाश प्राप्त प्रो. परमानंद बंसल विशेष अतिथि मंच पर मौजूद रहे. जबकि ठाकुर दिनेश सिंह, परमानंद बंसल, डॉ. जगदंबे वर्मा एवं गीतकार चंपालाल बैद ने भी अपने महत्वपूर्ण विचार रखे और होली के रंग पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला. इस मौके पर गीत चाँदनी के कवि डी. प्रेमराज द्वारा गीतकार चंपालाल बैद को भाग्यशाली कवि के तौर पर 1100 रुपए भेंट कर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में महावीर प्रसाद डाकोनिया, राजू भाई चाटवाला, आनंद संघी,फतेह चंद मित्तल, पवन कुमार डाकोनिया, अहम भूमिका निभाई. जबकि रविंद्र सिंह भदोरिया, दयावती यादव, नंदकुमार यादव अयोध्या, अरुण कुमार जैन व अर्चना यादव आदि ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को गौरवान्वित किया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ.