• UPSC Result 2025:  छत्तीसगढ़ की बेटियों ने किया कमाल, राजधानी की वैभवी को 35 वीं रैंक, हीरा निकला धमतरी का डायमंड

    UPSC Result 2025: शुक्रवार को जारी यूपीएससी की सिविल सर्विसेज एग्जाम के अंतिम परिणाम में छत्तीसगढ़ 2 बेटियों समेत 5 युवाओं ने प्रदेश का नाम रौशन किया। राजधानी की वैभवी अग्रवाल ने 35 वीं रैंक तथा मनेंद्रगढ़ की दर्शना सिंह ने 383वीं रैंक हासिल की है।

    रायपुर, 6 मार्च 2026। सिविल सर्विस एग्जाम 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में पूरे देश से कुल 958 कैंडिडेट्स ने अलग-अलग सर्विसेज के लिए क्वालिफाई किया है। छत्तीसगढ़ से भी पांच युवाओं ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजधानी रायपुर से वैभवी अग्रवाल और मनेंद्रगढ़ की दर्शना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 35वीं और 383वीं रैंक हासिल किया है। वहीं धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 623 हासिल की है.

    राजधानी से इन तीन छात्रों ने लहराया परचम
    बता दें कि राजधानी रायपुर से 24 साल की वैभवी अग्रवाल ने सिविल सर्विस एग्जाम 2025 में 35वां स्थान प्राप्त किया है।  UPSC Toppers Chhattisgarh वैभवी रायपुर में रहकर UPSC परीक्षा की तैयारी कर रही थीं और वैभवी के अनुसार साल 2026 में उन्हें यूपीएससी के तीसरे प्रयास में सफलता मिली। पहले दो प्रयासों में असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। वैभवी ने देशभर में 35वीं रैंक हासिल करके प्रदेश का नाम रोशन कर दिया। बता दें कि वैभवी अग्रवाल के अंकों के अनुसार उन्हें IAS मिलना लगभग तय है।

    Chhattisgarhi Saree: इंटरव्यू में छत्तीसगढ़ी साड़ी पर पूछा गया सवाल
    वैभवी अग्रवाल ने यूपीएससी इंटरव्यू के दौरान अपने अनुभव को भी साझा किया. उन्होंने बताया कि दिल्ली में हुए साक्षात्कार के दौरान उनसे एक बेहद रोचक सवाल पूछा गया. इंटरव्यू के समय वैभवी ने छत्तीसगढ़ी ट्राइबल आर्ट डिजाइन वाली साड़ी पहन रखी थी. पैनल के एक सदस्य ने उनसे पूछा कि साड़ी पर बना यह आर्ट क्या दर्शाता है.

    इस सवाल के जवाब में वैभवी ने बताया कि यह छत्तीसगढ़ की मुड़िया जनजाति से जुड़ा पारंपरिक आर्ट है. उनके इस जवाब से इंटरव्यू पैनल काफी प्रभावित हुआ. वैभवी की रैंक को देखते हुए यह माना जा रहा है क‍ि उनको IAS सर्विस कैडर अलॉट हो सकता है. वैभवी ने कहा कि बड़ा लक्ष्य हासिल करने के लिए शुरुआती असफलताओं से निराश नहीं होना चाहिए. फल की चिंता किए बिना लगातार मेहनत करते रहना चाहिए, एक दिन सफलता जरूर मिलती है. वैभवी के पिता शीतल अग्रवाल ने बताया कि जब वैभवी केवल 4 साल की थीं, तब उनकी मां प्रतिभा अग्रवाल का निधन हो गया था. इसके बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखा और कड़ी मेहनत की. वैभवी अग्रवाल का कहना है कि वह भविष्य में महिलाओं के हित में काम करना चाहती हैं.   

    जनकपुर के किसान की बेटी दर्शना सिंह का IPS के लिए चयन
    मनेन्द्रगढ़ से कृषक अरुण सिंह की बेटी दर्शना सिंह ने पूरे देश में 383वीं रैंक हासिल करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। UPSC Civil Services Final Result दर्शना सिंह के अंकों के अनुसार उनका चयन IPS के लिए हुआ है। बता दें कि दर्शना सिंह की मां वर्तमान में नगर पंचायत जनकपुर की पार्षद हैं।

    हीरा निकला धमतरी का डायमंड

    छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के डायमंड सिंह ध्रुव ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 623 हासिल की है. तीन बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और चौथे प्रयास में सफलता प्राप्त की. diamond singh dhruv air 623 की खास बात यह है कि वे पहले ही CGPSC परीक्षा पास कर डीएसपी बन चुके हैं और फिलहाल रायपुर में ट्रेनिंग कर रहे हैं.

    रायपुर के रौनक अग्रवाल ने 772वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। कलेक्टर गौरव सिंह ने रौनक से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी है। इसी परीक्षा में राजधानी के संजय डहरिया ने भी 946वीं रैंक हासिल कर अपनी जगह बनाई है। इस तरह यूपीएससी के इस परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छत्तीसगढ़ के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश के सर्वोच्च प्रशासनिक पदों तक पहुंचने की क्षमता रखते हैं।