• अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष महावीर सिंह राठौर का निधन, भाजपा में शोक की लहर

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने काँकेर के वरिष्ठ कार्यकर्ता महावीर सिंह राठौर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

    रायपुर, 14 मई 2026। भाजपा के पुराने नेता महावीर सिंह राठौर का गुरुवार को निधन हो गया। रायपुर में उन्होंने अंतिम सांस ली। काफी दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके गृह ग्राम कोरर (कांकेर) में किया जाएगा। उनके निधन की खबर से भाजपा में शोक की लहर है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने काँकेर जिले के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता और अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष समर्पित जनसेवक महावीर सिंह राठौर के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में देव ने उन्हें संगठन का एक मजबूत स्तंभ और वैचारिक निष्ठा का प्रतीक बताते हुए कहा कि वे भाजपा संगठन के अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रहकर वर्षों तक समाज और संगठन की सेवा करते रहे। उनके संघर्ष और संगठन के प्रति अटूट समर्पण को सदैव याद रखा जाएगा। 

    महावीर सिंह राठौर जनसंघ के जमाने से अपने विचाराधारा के लिए बस्तर के दिवंगत नेता बलीराम कश्यप के साथ जुटे रहे। उन दिनों उनकी पार्टी से जुड़ने के लिए कोई तैयार नहीं होता था। महावीर सिंह राठौर का बस्तर में पार्टी के विस्तार में बड़ा योगदान रहा है। वे अपने व्यापार का पैसा पार्टी के लिए लगाते थे। वे पर्दे के पीछे रहकर बस्तर में पार्टी को जीत दिलाते रहे हैं। भाजपा ने उन्हें दो बार छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। महावीर सिंह राठौर ने बस्तर में कितने लोगों को नेता बनाया, इसकी फेहरिस्त काफी लंबी है। बस्तर के पितृपुरुष समर्थकों को बहुत याद आएंगे। 15 मई को उनका अंतिम संस्कार कांकेर के कोरर गांव में किया जाएगा।