• रायपुर में पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारें, कई पेट्रोल पंप सूखे, CM की अपील- अफवाहों से दूर रहें..

    Petrol Diesel Crisis in CG: प्रधानमंत्री के डीजल -पेट्रोल के किफायती उपयोग की अपील के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल पम्पों में लंबी कतारें लगी है। लोगों की भारी भीड़ के कारण कई पेट्रोल पंप आउट ऑफ स्टॉक हो गया है। कई पेट्रोल पंपों में लोग आउट ऑफ स्टॉक के बोर्ड के बावजूद पेट्रोल टैंक वाहन के  आने का वहीं रुककर घंटों इंतजार भी कर रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है अफवाहों से दूर रहें, आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें। 
    रायपुर, 14 मई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह को लेकर राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी रहीं। कई पंपों पर ईंधन की कमी की बात सामने आई है। रायपुर में बुधवार की देर रात तक कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। हालात बेकाबू होते देख कई पंपों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है अफवाहों से दूर रहें, आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें। 

    गुरुवार को तो हालात और बेकाबू हो गए। शहर के आउटर के पेट्रोल पंपों में भी वाहनों की लंबी लाइने लग गईं। बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिये पहुंचे। लोग घंटों लाइन में लगकर मोटरसाइकिल और कारों में पेट्रोल- डीजल भरवाते दिखे। कई पेट्रोल पंपों में डीजल का स्टॉक पहले खत्म हो गया। आउट ऑफ स्टॉक के बोर्ड के बावजूद लोग बाहर खड़े होकर पेट्रोल टैंक वाहन के आने का घंटों इंतजार करने लगे। 

    राजधानी के जयस्तंभ चौक, सरोना, भाठागांव, काशीराम नगर, राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, छेेेरीखेड़ी, लाभांडी, विधानसभा रोड, रायपुरा, महादेवघाट और टिकरापारा जैसे इलाकों में लोग लाइन लगाकर इंतजार करते दिखे। इंडियन ऑयल और एचपी के कई पंपों पर पेट्रोल-डीजल का समय पर सप्लाई नहीं होने से स्थिति बिगड़ गई।

    इस समस्या से निपटने के लिये कई पंप संचालकों ने कम मात्रा में पेट्रोल-डीजल देना शुरू किया। रापयुर के साथ ही बस्तर संभाग से भी पेट्रोल पंप बंद होने और सप्लाई बाधित होने की खबरें सामने आई हैं। कई गांवों में वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। वहीं कुछ लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। कई सेवाओं पर इसका असर पड़ा है। 

    अफवाहों ने बढ़ाई परेशानी

    लोगों में इस बात की अफवाह फैल गई कि आगामी दिनों में ईंधन संकट और बढ़ सकता है। पीएम नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने की अपील और साय कैबिनेट के कारकेड में कटौती की चर्चा के बाद लोगों में घबराहट बढ़ गई है। इस वजह से पेट्रोल पंपों पर लोगों की अचानक भीड़ टूट पड़ी । इतना ही नहीं कई स्थानों पर लोगों ने जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाये। इस वजह से भी सप्लाई प्रभावित हुई।

    सीएम की अपील- अफवाहों से दूर रहें

    मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं ऑयल कंपनियां पूर्ण समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भी भारत सरकार द्वारा प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं और ईंधन आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है।

    मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दें। केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें तथा किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह से दूर रहें। उन्होंने कहा कि आपकी सजगता, संयम और सहयोग से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की ईंधन व्यवस्था निरंतर सुचारू बनी रहेगी।