• छत्तीसगढ़ के चार पुलिसकर्मी असम में गिरफ्तार, प्रदेश को किया शर्मिंदा, साइबर अपराधियों से रिश्वतखोरी

    वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस की इस टीम ने इन तीनों आरोपितों से दो को रिश्वत लेकर छोड़ दिया, जबकि तीसरे आरोपी को मांगी गई राशि के भुगतान होने तक अपनी हिरासत में ही रखा. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:- 
    गुवाहाटी, 1 मई 2026. छत्तीसगढ़ पुलिस को हाल ही में उस वक्त बेहद असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब उसकी एक टीम को असम के मुख्य शहर गुवाहाटी में स्थानीय पुलिस ने रिश्वत लेने के आरोप में दबोच लिया. दबोचे गए इस टीम में एक इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल शामिल हैं. इन सभी पर असम से गिरफ्तार किए गए  तीन साइबर अपराधियों से रिश्वत लेकर छोड़ देने का आरोप है.

    इस बारे में जानकारी देते हुए गुवाहाटी के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 'छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पुलिस के इन चारों पुलिस वालों के खिलाफ असम की राजधानी दिसपुर पुलिस थाने में एक मामला दर्ज कर लिया गया और उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया.'

    साइबर ठगी के तीन आरोपितों को किया था असम जाकर गिरफ्तार 

    पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 'रायपुर पुलिस की टीम छत्तीसगढ़ में हुए एक  साइबर अपराध के मामले में अपराधियों को पकड़ने गुवाहाटी पहुंची थी. हालांकि, पहले उन्होंने इस मामले में बिहार के एक आरोपी को गिरफ्तार किया और बाद में गुवाहाटी से ही तीन आरोपितों को भी दबोच लिया. ये सभी बिहार के ही रहने वाले थे.'

    तीन में से दो आरोपियों को रिश्वत लेकर छोड़ा 

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस की इस टीम ने इन तीनों आरोपियों से रिश्वत लेकर दो को मौके पर ही छोड़ दिया, लेकिन तीसरे को मांगी गई रिश्वत के राशि के भुगतान होने तक हिरासत में ही रखा.

    रिश्वत देकर छूटे आरोपियों ने कर दी असम पुलिस में छत्तीसगढ़ पुलिस की शिकायत

    बता दें कि स्थानीय पुलिस को रिश्वतखोरी की जानकारी तब मिली, जब छत्तीसगढ़ के पुलिस कर्मियों द्वारा रिश्वत लेकर छोड़े गए दो आरोपियों ने  इस बारे में असम पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पास शिकायत करने पहुंची. बाद में असम पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की और एक खुफिया ऑपरेशन चलाकर पूरी रिश्वतखोर पुलिस टीम को उठा लिया. जिन्हें बीते रात दिसपुर (असम) पुलिस थाने लाया गया और उन्हें नोटिस देकर थाने से जाने दिया गया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जमानती धाराओं के तहत प्राथमिक दर्ज कर ली गई है पूछताछ के बाद नोटिस देकर थाने से जाने की अनुमति दी गई. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उन्हें नोटिस जारी किया गया और अग्रिम कार्रवाई के लिए फिर से पेश होने के लिए कहा गया है.

    साइबर ठगी के आरोपियों को भी निजी मचलके पर रिहा किया गया

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के जिन मुख्य साइबर आरोपी को पकड़ा गया था, उसे भी निजी मुचलके पर छोड़ गया है. सूत्र बताते हैं कि पुलिस टीम पहले ही दिसपुर थाने पहुंची चुकी है और फिलहाल उससे विस्तृत पूछताछ जारी है.