गुजरात पुलिस ने अंतरराज्यीय बच्चा चोरी गिरोह का किया भंडाफोड़, तेलंगाना से सरगना गिरफ्तार
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:- बनासकांठा/ हैदराबाद, 22 अप्रैल 2026. गुजरात के बनासकांठा जिले से इस महीने की शुरुआत में 4 वर्षीय बच्चों के अपहरण की जांच कर रही पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस गिरोह के सरगना को तेलंगाना से अरेस्ट किया है. यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को मीडिया को दी. 'मुरूगन गैंग ' के नाम से कुख्यात यह गिरोह कथित तौर पर गुजरात, दिल्ली, तेलंगाना और महाराष्ट्र से नवजात बच्चों की तस्करी करने और उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने में शामिल था.
मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक की जांच में पुलिस ने कम से कम पांच बच्चों के अपहरण और उन्हें बेचे जाने की पुष्टि की है. पिछले 6 अप्रैल को बडगाम से अगवा किए गए 4 वर्षीय बालक को सुरक्षित बचा लिया गया था, इसके बाद बनासकांठा पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों को इस अपराध से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पता चला है. तकनीकी गोपनीय जानकारी से संकेत मिला है कि गिरोह का एक मुख्य संदिग्ध तेलंगाना से अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा है.
बनासकांठा के पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुम्बे ने कहा,
"पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए मुख्य आरोपी की पहचान बोदाशु नागराजू उर्फ मुरूगन के तौर पर हुई है और उसके साथ ही उसके दो साथियों कसरापु तिरुपति और केलेटी गंगाराजन को अरेस्ट कर लिया गया है. यह सभी तेलंगाना के निवासी हैं."
अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी मुरूगन शुरू में कृत्रिम गर्भाधान (आईवीएफ ) केंद्रों के लिए 'अंडाणु दाता' (एग डोनर) के रूप में महिलाओं की व्यवस्था करने का काम करता था. वह ऐसी महिलाओं की पहचान करता था जो प्राकृतिक रूप से गर्भधारण करने में असमर्थ थी और उन्हें स्वस्थ महिलाओं से मिलवाता था जो आर्थिक लाभ के बदले अपने अंडाणु देने या 'सरोगेसी '(किराए की कोख) के लिए तैयार होती थी. इस दलाली के काम के बदले उसे प्रति महिला से 5000 से ₹6000 तक का कमीशन मिलता था.
हालांकि, नवजात शिशुओं को बेचने से होने वाले अधिक मुनाफे के लालच में वह बाद में बच्चा तस्करी एजेंट के संपर्क में आ गया. बनासकांठा पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, यह गिरोह जन्म के 24 से 48 घंटों के भीतर ही नवजात शिशुओं को उठा लेता था और उन्हें मोटी रकम लेकर बेच देता था. आरोपियों ने कथित तौर पर गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली से शिशुओं का अपहरण किया और उन्हें स्थानीय बिचौलियों के जरिए बेचा.
फिलहाल, तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पालनपुर में पूछताछ कर रही है. पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि इस गिरोह ने गुजरात और महाराष्ट्र से दो-दो, तेलंगाना से तीन और दिल्ली से एक बच्चा चोरी कर बेच दिया है. अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तस्करी किए गए बच्चों को सुरक्षित छुड़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं.