न्यायधानी को नई फ्लाइट की सुविधा, दिल्ली के लिए अब शाम को फ्लाइट
बिलासपुर, 22 अप्रैल 2026। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट में विमान सेवा को विस्तार दिया गया है। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को प्रारंभ होने के 5 साल बाद नाइट लैंडिंग की सुविधा दी जा रही है। अब देर शाम में दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट की सुविधा मिलेगी। एलायंस एयर की यह फ्लाइट 3 मई से शुरू होगी और हर रविवार को चलेगी। यह विमान शाम 6:45 बजे बिलासपुर से उड़ान भरेगा और करीब 2 घंटे 40 मिनट में दिल्ली पहुंच जाएगा। इस विमान सेवा का फायदा यह होगा कि लोग दिनभर अपना काम पूरा करने के बाद शाम को आराम से यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा खासकर बिजनेस और सरकारी काम से आने-जाने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी होगी।
अभी बिलासपुर एयरपोर्ट से रोज फ्लाइट नहीं है दिल्ली के लिए शेड्यूल फ्लाइट में डायरेक्ट नहीं है इससे काफी समय लगता है। गुरुवार, शनिवार, रविवार को कोलकाता तथा प्रयागराज होकर दिल्ली के लिए फ्लाइट है। 28 अप्रैल को दोपहर 12:00 बजे दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट है जो 2:40 को दिल्ली पहुंचेगी। एयरपोर्ट से विमान सेवा की औपचारिक शुरुआत 1 मार्च 2021 को हुई थी। इस दिन एलायंस एयर के फ्लाइट ने बिलासपुर में लैंडिंग की थी। बिलासपुर एयरपोर्ट को 6 फरवरी 2026 को नाइट लैंडिंग का लाइसेंस मिला था। बिलासपुर में एयरपोर्ट को तो प्रारंभ 5 साल हो गया है लेकिन अभी भी वहां पर नियमित विमान की कमी देखी गई है और यात्री सुविधाओं में भी काफी कमी पाई गई है। इसके कारण बिलासपुर अंचल के लोगों के निर्भरता रायपुर एयरपोर्ट से घट नहीं रही है।
डीजीसीए ने एयरपोर्ट को 3सी-वीएफआर से अपग्रेड कर 3सी-आईएफआर श्रेणी का लाइसेंस दिया है। इसके लिए साल 2022 से ही लगातार प्रयास किए जा रहे थे। वहीं समर सीजन के लिए जारी शेड्यूल में नाइट में फ्लाइट सुविधा को शामिल किया गया है। शेडयूल के अनुसार बिलासा एयरपोर्ट को पहली बार नाइट लैंडिंग की परमिशन मिली है। यह विमान शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 6:45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। यह रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंचेगा।