• SRH vs DC Abhishek Sharma IPL 2026: अभिषेक शर्मा की दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी, 10 चौके और 10 छक्के लगाए, 135 रन बनाकर रचा इतिहास...

    SRH vs DC Abhishek Sharma IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 135 रनों की नाबाद पारी खेल अपनी टीम को जीत दिला दी.  इसके साथ ही अभिषेक शर्मा के नाम कई बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. आइए जानते हैं अभिषेक ने कौन-कौन रिकॉर्ड बनाए और आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज कौन हैं?

    हैदराबाद, 22 अप्रैल 2026। आईपीएल 2026 (IPL 2026) का 31वां मुकाबला मंगलवार को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया. इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी अभिषेक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान बना लिया. अभिषेक ने 68 गेंदों में 10 छक्के और 10 चौकों की मदद से  135 रनों की नाबाद पारी खेली.

    इस तरह से अभिषेक शर्मा ने जहां आईपीएल करियर का अपना दूसरा शतक लगाया, वहीं आईपीएल इतिहास में पांचवां सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. आपको मालूम हो कि सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा की नाबाद शतकीय पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 243 रनों का लक्ष्य दिया था. दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 195 रन ही बना सकी. इस तरह सनराइजर्स हैदराबाद ने मैच 47 रनों से जीत लिया. 

    अभिषेक शर्मा के नाम जुड़ी यह बड़ी उपलब्धि
    135 रनों की नाबाद पारी खेलने के बाद अभिषेक शर्मा के नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. अभिषेक शर्मा आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं. इतना ही नहीं अभिषेक शर्मा ने आईपीएल 2025 में 141 रन बनाए थे, जो आईपीएल इतिहास का तीसरा सर्वोच्च स्कोर है. आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल का नाम है. गेल ने आईपीएल 2013 में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए पुणे के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे. सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर ब्रेंडन मैकुलम हैं.  ब्रेंडन मैकुलम ने आईपीएल 2008 में नाबाद 158 रन बनाए थे. आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में चौथे स्थान पर क्विंटन डिकॉक हैं, जिन्होंने आईपीएल 2022 में नाबाद 140 रन बनाए थे.

    आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
    1. क्रिस गेल (आरसीबी): 175* रन, आईपीएल 2013
    2. ब्रेंडन मैकुलम (केकेआर): 158* रन, आईपीएल 2008
    3. अभिषेक शर्मा (हैदराबाद): 141 रन, आईपीएल 2025
    4. क्विंटन डिकॉक (लखनऊ):140* रन, आईपीएल 2022
    5. अभिषेक शर्मा (हैदराबाद): 135* रन, आईपीएल 2026

    क्रिस गेल और आरोन फिंच से आगे निकले अभिषेक शर्मा 
    टी-20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिससे वह क्रिस गेल और आरोन फिंच से भी आगे निकल गए हैं. दरअसल, अभिषेक शर्मा ने सर्वाधिक बार टी-20 की एक ही पारी में 130 से अधिक रन बनाने का कारनामा अब तक चार बार कर दिखाया है, जो उनसे ज्यादा बार कोई नहीं कर सका है. क्रिस गेल और आरोन फिंच ने तीन-तीन बार एक पारी में 130+ स्कोर बनाए हैं. 

    टी-20 में सबसे अधिक शतक बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
    1. अभिषेक शर्मा: 9 शतक (184 पारी)
    2. विराट कोहली: 9 शतक (403 पारी)
    3. रोहित शर्मा: 8 शतक (454 पारी)
    4. ईशान किशन: 7 शतक (232 पारी)
    5. संजू सैमसन: 7 शतक (319 पारी)

    SRH Score: 242/2 (20 Over)

    DC Score: 195/9 (20 Over)

    आईपीएल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय 
    1. अभिषेक शर्मा: 141 रन (आईपीएल 2025)
    2. अभिषेक शर्मा: 135 रन नाबाद (आईपीएल 2026)
    3. केएल राहुल: 132 रन (आईपीएल 2020)
    4. शुभमन गिल: 129 रन (आईपीएल 2023)
    5. ऋषभ पंत: 128 रन (आईपीएल 2018)

    सनराइजर्स हैदराबाद (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा.
    दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): पथुम निसांका, केएल राहुल, समीर रिज़वी, नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी नटराजन, लुंगी एनगिडी.