बिलासपुर के सिरगिट्टी पुलिस इलाके में पति-पत्नी ने की आत्महत्या, जान देने की वजह अज्ञात
बिलासपुर, 12 अगस्त 2026. यहां के सिरगिट्टी पुलिस इलाके के नयापारा वार्ड संख्या 12 से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां किराए के घर में रहने वाले पति-पत्नी की मौत हुई है. सुबह उठने के बाद बच्चों ने जब माता-पिता के शव को दिखा तो बच्चे चीख उठे. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शवों को देख पुलिस में सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज की और जांच शुरू कर दी है.
कौन है मृतक पति-पत्नी?
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा के तौर पर हुई है. मूल रूप से दोनों जाम कछार, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश ) के रहने वाले थे. फिलहाल सिरगिट्टी के नयापारा स्थित एक किराए के घर में रह रहे थे. रमेश सिंह बंजारा बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी के किसी फैक्ट्री में काम करता था. सिटी एसपी आकाश चौधरी ने बताया कि पति-पत्नी का शव घर में फंदे से झूलता हुआ मिला है. घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्षय जुटाए जा रहे हैं.
अब सवाल यह है कि आखिर पति पत्नी ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी पड़ताल की जा रही है और इसके लिए परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है.
मौत का कारण अज्ञात
पति - पत्नी ने यह कदम क्यों उठाया, इसका तत्काल पता तो नहीं चल सका है लेकिन पुलिस तहकीकात जारी है. घटना के बाद दोनों बच्चे डरे और सहमें हुए हैं. बता दें कि मंगलवार सुबह जब दोनों बच्चे सोकर उठे तो उन्होंने माता-पिता को फंदे पर झूलता देखा. इधर बच्चों की चीख सुनकर मकान मालिक और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना मृतक के भाई को दी. खबर मिलते ही भाई भी मौके पर पहुंचा. जिस कमरे में दोनों मृत पड़े थे वो कमरा अंदर से बंद था, जिसे बच्चों की मदद से खोला गया. पुलिस मृतक शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.