गोरखपुर शिवकुमार तिवारी हत्याकांड में एक्शन: आठ आरोपी गिरफ्तार, थाना प्रभारी लाइन हाजिर
गोरखपुर में पुरानी रंजिश के चलते बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की बर्बरता से हत्या कर दी गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल चौधरी सहित 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि लापरवाही बरतने पर सिकरीगंज थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है और आरोपियों पर एनएसए लगाया जा रहा है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
गोरखपुर, 12 अगस्त 2026. यूपी के गोरखपुर में बीते 8 अगस्त को पुरानी हत्या का बदला लेने के लिए बिजली ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की तलवार और सब्बल से वार करके हत्या कर दी गई. वर्ष 2024 में हुई आदेश चौधरी की हत्या की रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया. ब्रह्म भोज में निमंत्रण पर कतार में बैठे बिजली ठेकेदार शिवकुमार तिवारी पर पहले सब्बल से हमला हुआ, फिर अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ऑटो रुकवाकर तलवार से कई हमले किए गए. फिलहाल, सिकरीगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है.
ब्रह्म भोज के दौरान हुआ पहला हमला
गोरखपुर के अहिरौली खुर्द गांव में छेदी चौधरी की मृत्यु के बाद ब्रह्म भोज का आयोजन था. इसमें शामिल होने पहुंचे बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार तिवारी जब कतार में बैठे थे, तभी पीछे से आरोपियों ने उन पर सब्बल से वार कर दिया. इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जाने लगा.
रास्ते में ऑटो रुकवाकर तलवार से वार
आरोप है कि राहुल चौधरी ने रास्ते में ऑटो रुकवाया और शिवकुमार को नीचे उतारकर उन पर तलवार से कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें मुख्य आरोपी राहुल चौधरी तलवार से हमला करता दिख रहा है. दावा किया गया है कि उसने करीब 22 बार शिवकुमार पर वार किए.
2024 की रंजिश में दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश है. वर्ष 2024 में आदेश चौधरी की हत्या हुई थी, जिसमें शिवकुमार तिवारी को आरोपी बनाया गया था. उसी हत्या का बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी राहुल चौधरी, आशुतोष, बिंद निवास और भानु चौधरी सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया है.
थाना प्रभारी पर गाज, गांव में पुलिस बल तैनात
मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए अहिरौली खुर्द गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.