कपड़ा सुखाने के दौरान करंट की चपेट में आए पति-पत्नी की की गई जान, मस्तूरी में पसरा मातम
बिलासपुर के मस्तूरी इलाके में जीआई तार में उतरे करंट की चपेट में आने से पति - पत्नी की जान चली गई. एक दूसरे को बचाने की कोशिश दोनों पर भारी पड़ गई. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट:-
बिलासपुर, 21 जून 2026. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी पुलिस इलाके के कर्रा गांव में शनिवार सुबह एक दुखद घटना में पति - पत्नी की करंट लगने से जान चली गई. कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए जीआई तार में अचानक करंट प्रवाहित होने से पहले पत्नी इसकी चपेट में आई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में पति भी करंट की गिरफ्त में आ गया. दोनों को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. खबर है कि पत्नी को करंट से तड़पता देख पति सचिन उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए. कुछ ही क्षणों में दोनों गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर नीचे गिर पड़े. हालांकि, परिजनों ने तत्काल दोनों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आंधी - तूफान के कारण हुआ हादसा
घटना की खबर पाकर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस बाबत पुलिस ने एक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरंभिक जांच में सामने आया है कि हल्के खराब मौसम और आंधी - तूफान के दौरान बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया था. यह तार घर में लगाए गए जीआई तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें करंट प्रवाहित होने लगा. इसी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ. हादसे के बाद मस्तूरी इलाके में मातम पसरा हुआ है.