सेवा सेतु पोर्टल के जरिए एक ही दिन में हुआ निराकरण, कलेक्टर क्षीरसागर ने सौंपा नया राशन कार्ड
कांकेर/रायपुर, 17 जुलाई 2026. छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को त्वरित लाभ मिल रहा है। इसी क्रम में कांकेर के ग्राम तेलावट निवासी बसंत कुमार साहू ने अपनी तीन वर्षीय बेटी गेश्रीका का नाम राशन कार्ड में जोड़ने के लिए सेवा सेतु पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के अगले ही दिन उनकी बेटी का नाम राशन कार्ड में जोड़ दिया गया।
राशन कार्ड की अद्यतन प्रति कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने आवेदक बसंत साहू को अपने हाथों से प्रदान किया। त्वरित कार्रवाई से प्रसन्न बसंत कुमार साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते। घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर कम समय में ही आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल से आम नागरिकों का समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है तथा शासन की सेवाएं अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बनी हैं।
कांकेर कलेक्टर निलेश क्षीरसागर ने 'आज की आवाज़' को बताया कि जिले में 160 से अधिक सेवा सेतु केंद्र खोले गए हैं जिसके माध्यम से आवेदन प्राप्त होते ही अमला उसके निराकरण में लग जाता है। लोगों को निर्धारित समय में पारदर्शी तरीके से त्वरित लाभ पहुंचाया जा रहा है।