कवर्धा: सड़क हादसा ने छीना मासूम के सर से मां-बाप का साया, 4 साल का बच्चा घायल
कवर्धा में ट्रक के टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। इस हादसे के बाद ग्रामीण चक्काजाम कर मुआवजा और सड़क ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कवर्धा, 8 मई 2026। छत्तीसगढ़ कवर्धा जिले से दिल दहला देने वाला सड़क हादसे का मामला सामने आया है। मासूम के सर से मा- बाप का साया छूट गया। कुण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलेगांव-घोरपेन्द्री-बासनी मार्ग में स्कूल बासनी के सामने शुक्रवार सुबह यह हादसा हुआ। इस हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद 4 वर्षीय बालक घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही कुण्डा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास करती रही।
हादसे ने छीना मासूम के सर से माँ- बाप का साया
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दंपत्ति किसी शादी समारोह में शामिल होकर घोरपेन्द्री स्थित अपने ससुराल में रुके हुए थे। शुक्रवार सुबह अपने गृह ग्राम सारंगपुर लौटने के दौरान घोरपेन्द्री से लगभग दो किमी दूर बासनी स्कूल के पास उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कृष्णा हाडिले (34 वर्ष) और उनकी पत्नी कृतिका हाडिले (30 वर्ष) निवासी सारंगपुर की मौके पर मौत हो गई। वहीं उनका 4 वर्षीय पुत्र जगदीश घायल हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि, सड़क निर्माण कार्य के दौरान साइड शोल्डर में डाली गई अमानक पीली मिट्टी तथा सुबह हुई बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई थी। इसी दौरान पीडीएस चावल लेकर कुण्डा से कोलेगांव की ओर जा रही ट्रक क्रमांक CG 09 B 0807 की चपेट में दंपत्ति आ गए।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और ठेकदार पर कार्रवाई की मांग कर रहे है। कुण्डा पुलिस मामले की जांच कर रही है।