कवर्धा: भंडारा हादसे के मृतकों का शव पहुंचा गांव, इलाके में पसरा मातम
कवर्धा, 12 सितंबर 2026। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में कबीरधाम जिले के पांच लोगों की मौत के बाद देर रात सभी के शव उनके गृह ग्राम पहुंचाए गए। शवों के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि शुक्रवार के तड़के सुबह 4 बजे रायपुर-नागपुर हाइवे पर ट्रक और बोलेरो की टक्कर से 9 लोगों की जान चली गई। जिसमें कबीरधाम जिले के 5 लोग शामिल हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों में लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बिचारपुर की मीनाक्षी वर्मा, सरिता वर्मा और चार साल की मासूम ग्रिसा वर्मा शामिल हैं। वहीं ग्राम बीज बैरागी की राजकुमारी पटेल और बांधा टोला की गणेशिया पटेल की भी हादसे में मौत हुई है।
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने कबीरधाम के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। देर रात पांचों मृतकों के शव एंबुलेंस से उनके गृह ग्राम लाए गए। ग्राम बिचारपुर में जैसे ही तीन शव पहुंचे, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हैं। चार साल की मासूम ग्रिसा की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है।
मृतकों की पहचान:
1. मीनाक्षी पति राजकुमार वर्मा, उम्र 30 वर्ष
2.सरिता पति विजय वर्मा, उम्र 28 वर्ष
3. कुमारी ग्रिसा वर्मा, उम्र 4 वर्ष
तीनों निवासी - ग्राम बिचारपुर, थाना लोहारा
4.राजकुमारी पति प्रहलाद पटेल, उम्र 40 वर्ष, निवासी - ग्राम बीज बैरागी
5. गणेशिया पति अश्वान पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी - ग्राम बांधा टोला