• किसान संघर्ष समिति ने की हरियाणा के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग, सुरेश कोथ व 40 किसानों को तत्काल रिहा करें सरकार

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
    हिसार, 16 अगस्त 2026. किसान संघर्ष समिति के  राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम ने हरियाणा के हिसार में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों से बातचीत करने की बजाय हांसी के पुलिस प्रशासन द्वारा बर्बर लाठीचार्ज कर किसान नेता सुरेश कोथ, शमशेर नंबरदार, सुमित दलाल व श्रद्धानंद सहित 40 किसानों को गिरफ्तार किए जाने की कार्यवाही को किसान विरोधी बताते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है.

    डॉ. सुनीलम ने कहा कि 4 अगस्त को हिसार के सूर्य नगर में एक डेयरी चलाने वाले छोटे किसान जीवन कुंडू की बीजेपी के तथाकथित एक गुंडे ने हत्या कर दी थी. वह सुबह 4:30  बजे रेहरी पर गोबर लाद रहा था, तभी 10 से 15 गुंडो ने  उस पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी. जिसे लेकर इलाके में जबरदस्त आक्रोश भड़का और लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर इलाके के लोग आंदोलनरत हैं. फिर भी प्रशासन उन गुंडो को गिरफ्तार नहीं कर रहा है एवं इसके उलट हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज किया गया है. 13 बीत जाने के बाद भी किसानों द्वारा शव की अंत्येष्टि नहीं की गई है.

    दरअसल, पुलिस ने निर्ममता पूर्वक  जीवन कुंडू के पिता को गिरफ्तार कर लिया है. आक्रोशित संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. संयुक्त किसान मोर्चा के नेता डॉ. सुनीलम ने कहा है कि पुलिस अधीक्षक द्वारा एके - 47 हाथ में लेना बतलाता है कि हरियाणा पुलिस बंदूक की दम पर राज करना चाहती है. डॉ. सुनीलम ने कहा कि हरियाणा की 36 बिरादरी के खाप संगठनों ने किसान आंदोलन की भावी रूपरेखा के लिए रविवार को 11 बजे हिसार बुलाया है.

    किसान नेता ने स्वतंत्रता दिवस की  80वीं वर्षगांठ पर किसानों पर लाठी चलाने वाले सभी पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने एवं सभी गिरफ्तार आंदोलनरत किसान नेताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लेने और किसानों को शीघ्र रिहा करने, घायल किसानों को उचित चिकित्सा व मुआवजा देने के साथ-साथ आंदोलनरत किसानों की मांगों को पूरा करने की मांग की है. डॉ. सुनीलम ने कहा कि यदि 24 घंटे में संतोषजनक कार्यवाही नहीं की गई तो किसानों का यह आंदोलन हरियाणा तक सीमित नहीं रहेगा. देश भर के किसान संगठन हांसी के किसानों के समर्थन में सड़कों पर उतरेंगे.