बुलडोजर बाबा जिंदाबाद, सम्राट चौधरी के शपथ लेते ही लगे नारे, बिहार में 'योगी मॉडल '
बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ लेते ही उनके समर्थक बुलडोजर बाबा जिंदाबाद के नारे लगाने लगे. इसके साथ ही सियासी गलियारों में चर्चा होने लगी है कि क्या यूपी की तर्ज पर बिहार में भी बीजेपी 'योगी मॉडल' ला...
पटना, 20 अप्रैल 2026. बिहार में सम्राट युग की शुरुआत हो गई है. सम्राट चौधरी बीते बुधवार को बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. नई सरकार के गठन के साथ ही बिहार में बुलडोजर एक्शन पर चर्चा होने लगी है. सम्राट के शपथ लेते ही समर्थक उन्हें 'बुलडोजर बाबा' कहने लग गए हैं. पटना स्थित लोकभवन के बाहर सम्राट चौधरी के सामने बुलडोजर बाबा जिंदाबाद के नारे भी लगे. सियासी गलियारों में चर्चा हो रही है कि क्या नए सीएम सम्राट बिहार में उत्तर प्रदेश की तर्ज पर 'योगी मॉडल ' लागू करेंगे? पूर्ववर्ती नीतीश सरकार में गृह विभाग संभालने वाले सम्राट चौधरी अपराधियों को चुनौती देते हुए उनका गयाजी में पिंडदान करने, उन्हें नेपाल और पाताल भेजने जैसी चेतावनियां देते रहे हैं. अब प्रदेश में एनडीए की पूरी सरकार की कमान उनके हाथ में आ गई है, तो कानून व्यवस्था पर बड़ा एक्शन होने की संभावना जताई जा रही है.
बिहार में पहली बार बीजेपी का सीएम
लगभग दो दशक से बिहार की सत्ता में शामिल भाजपा ने पहली बार प्रदेश में अपना सीएम बनाया है. अब तक एनडीए सरकार का नेतृत्व जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ही करते रहे हैं. नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद अब बीजेपी को सरकार का नेतृत्व करने का मौका मिला है. नीतीश सरकार में नंबर दो की पोजीशन में रहे सम्राट चौधरी पर ही बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने भरोसा जताया और उन्हें राज्य की कमान सौंपी. सम्राट, पूर्व सीएम नीतीश कुमार के भी पसंदीदा रहे हैं.
अब जब बिहार में बीजेपी का सीएम बन गया है, तो प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ एक्शन तेज होने की चर्चा जोरों पर है. नवंबर 2025 में जब सम्राट चौधरी गृह मंत्री बने थे, उसके बाद से बिहार पुलिस और जांच एजेंसियों की ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है. कुख्यात अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं. आयोजन पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की खबरें आ रही है. हालांकि, फिर भी लूट, हत्या, दुष्कर्म, डकैती जैसे अपराध सरकार के लिए चुनौती बने हुए हैं.
बिहार में शहर शहर गरज रहे बुलडोजर
पिछले 4 महीने में प्रदेश में अतिक्रमण के खिलाफ
सरकार ने सख्ती दिखाई है. राजधानी पटना से लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों तक अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासन कार्रवाई कर रहा है. अतिक्रमण के खिलाफ शहर- शहर बुलडोजर चल रहे हैं. सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद इस प्रक्रिया में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी नेपाल और बंगाल की सीमा से सटे बिहार के जिलों में अवैध कब्जा हटाने के लिए एक्शन प्लान बना चुके हैं.
बिहार को बुलडोजर राज की प्रयोगशाला नहीं बनने देंगे- माले
भाजपा नेता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर विपक्ष भी बुलडोजर वाली बात करने लगा है. वाम दल सीपीआई (माले ) ने आरोप लगाया कि बीजेपी बिहार को बुलडोजर राज की प्रयोगशाला बनाना चाहती है. माले के राज्य सचिव कुणाल ने कहा कि बीजेपी को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि बिहार उसकी इस तानाशाही परियोजना को स्वीकार कर लेगा. यह वही धरती है, जिसने सत्ता के अहंकार को बार-बार चुनौती दी है. उन्होंने कहा कि एकजुट होकर पूरी ताकत से बीजेपी की तानाशाही नीतियों का मुकाबला करने में महागठबंधन सक्षम है.