विशाखापट्टनम में बड़ा हादसा, स्टील प्लांट में पिघले हुए स्टील का रिसाव, 8 की गई जान, कई घायल
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के बाद दहशत फैल गई, जिससे कर्मचारी और अधिकारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्टील प्लांट कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट:-
विशाखापट्टनम, 8 जून 2026. आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में स्थित स्टील प्लांट के एसएमएस --2 और एसटीसी --3 हिट फैसिलिटी में बड़ी मात्रा में पिघले हुए स्टील के रिसाव होने से 8 कामगारों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए. यह हादसा बहुत उच्च तापमान वाले पिघले हुए स्टील से भरे लेडल के फटने से हुई. दुर्घटना के बाद दहशत फैल गई, जिससे कर्मचारी और अधिकारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्टील प्लांट के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं.
विशाखापट्टनम स्टील प्लांट सर्किल इंस्पेक्टर केशव राव ने सोमवार को यह जानकारी दी. वहीं, राज्य के गृह मंत्री वांगलापुडी अनीता ने विशाखापट्टनम जिला कलेक्टर और सिटी पुलिस आयुक्त से बात की और दुर्घटना की पूरी जानकारी ली. मंत्री ने अधिकारियों से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और मौके पर जाकर बचाव अब राहत कार्यों को तेज करने का आदेश दिया. गृह मंत्री अनिता ने हादसे की खबर मिलते ही तुरंत मौके पर रवाना हो गई और लगातार अधिकारियों से फोन पर बात करते रहे.
करीब 1600 डिग्री सेल्सियस था तापमान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि हादसे में कई श्रमिकों की जान चली गई है, हालांकि, मृतकों की संख्या की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है. इस बीच मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख जाहिर किया है. उन्होंने सभी विभागों को तुरंत जरूरी सहायता प्रदान करने को कहा है. पुलिस के मुताबिक, बाल्टी में रखे पिघले लोहे को क्रेन से ले जाया जा रहा था, तभी यह श्रमिकों के ऊपर गिर गया, जिससे यह दुर्घटना हुई. खबर है कि मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. जबकि अधिकारी मृतकों की पहचान जुटाने में लगे हुए हैं. वही सभी घायल मजदूरों को उपचार के लिए यहां के अस्पतालों में भर्ती कर दिया गया है.