• दिल्ली एयरपोर्ट पर  कुदरत का  कहर, खिलौनों की तरह भागे लोहे के स्टैंड, टकरा गए एयर इंडिया के विमान

    दिल्ली एयरपोर्ट पर  अचानक आए  तेज आंधी - तूफान के कारण एयर इंडिया के खड़े तीन विमान आपस में और ग्राउंड उपकरणों से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-

    नई दिल्ली, 8 जून 2026. राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर एयर इंडिया के 
     तीन विमान  क्षतिग्रस्त हो गए . सूत्र बताते हैं कि रविवार शाम को अचानक आई तेज आंधी  और बारिश के कारण एयरपोर्ट टर्मिनल-2 पर खड़े ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से खिसक कर विमान से टकरा गए.

    तीन विमान टकराए 
    एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे तेज हवाएं चली. इसी दौरान एक स्टेप लैडर और एक ट्रेस्टल ( मेंटेनेंस प्लेटफार्म) अपनी जगह से हटकर एयर इंडिया के तीन विमान से टकरा गए. घटना के बाद तत्काल विमान को जांच और मरम्मत के लिए ग्राउंड कर दिया गया. आधिकारिक सूत्र ने बताया कि एक विमान को अधिक नुकसान पहुंचा है और  उसकी मरम्मत में समय लग सकते हैं. लेकिन बाकी दो विमान  इस हफ्ते के भीतर फिर से उड़ान सेवा में लौट सकते हैं.

    डीजीसीए  ने शुरू की जांच 
    दिल्ली एयरपोर्ट पर  एयर इंडिया के विमान क्षतिग्रस्त होने का मामले में डीजीसीए ने जांच शुरू कर दी है. दरअसल, रविवार शाम करीब 4:30  बजे खराब मौसम और तेज हवाओं के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल --2 पर खड़े एयर इंडिया के तीन  ए 320 विमान क्षतिग्रस्त हो गए थे. तेज हवाओं के कारण पास खड़े ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से खिसक गए और दो अलग-अलग विमानों से टकरा गए. डीजीसीए के मुताबिक, इस टक्कर से दोनों विमानों के विभिन्न हिस्सों को नुकसान पहुंचा है. एक अन्य विमान की दाई ओर की स्लाइडिंग खिड़की को उड़कर आए किसी बाहरी मलबे से नुकसान पहुंचा है. घटना में प्रभावित सभी तीनों विमानों की जांच और मरम्मत के लिए ग्राउंड कर दिया गया है एवं जांच की जा रही है.

    घटना के बाद उठ रहे सवाल

    घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि तूफान से पहले कोई मौसम चेतावनी क्यों नहीं जारी की गई. हालांकि, सामान्य तौर पर ऐसे खराब मौसम की सूचना पहले मिलती है, जिस एयरपोर्ट पर मौजूद सीढियों,ट्रेस्टल और अन्य उपकरणों को सुरक्षित कर दिया जाता है ताकि तेज हवाओं में खिसककर विमानों को नुकसान ना पहुंचाएं. इस ताजा घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट पर मौसम पूर्वानुमान प्रणाली और ग्राउंड हैंडलिंग उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.