ममता का ' इस्तीफे ' से इनकार! 9 मई को रुक जाएगा बीजेपी का राज्याभिषेक?
ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इनकार के बाद क्या बंगाल में संवैधानिक संकट खड़ा होगा? जानिए राज्यपाल की शक्तियां और संविधान के नियम तय करेंगे भाजपा सरकार का भविष्य और 9 मई के शपथ ग्रहण का पूरा सच. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ विशेष रिपोर्ट:-
कोलकाता, 6 मई 2026. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने जहां एक तरफ बीजेपी की ऐतिहासिक जीत का ऐलान किया, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक बयान ने पूरे देश में संवैधानिक हड़कंप मचा दिया है. हार के बाद पहली बार मीडिया के सामने आई ' दीदी ' ने साफ शब्दों में कह दिया "मैं इस्तीफा नहीं दूंगी और न ही लोक भवन जाऊंगी " ममता बनर्जी ने इस हार को जनता का जनादेश मानने से इनकार करते हुए इसे चुनाव आयोग और भाजपा की 'साजिश ' करार दिया है. अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या मुख्यमंत्री के इस्तीफे न देने से भाजपा की सरकार बनने में कोई अड़चन
आएगी? क्या बंगाल में संवैधानिक संकट खड़ा होने वाला है? आइए, इस पेचीदा स्थिति के कानूनी और संवैधानिक पहलुओं को विस्तार से समझते हैं.
इस्तीफा न देना: क्या यह बीजेपी को रोक सकता है?
संवैधानिक जानकारों के मुताबिक, भारत में संसदीय लोकतंत्र ' संख्या बल ' पर चलता है, न किसी व्यक्तिगत इच्छा पर. अगर चुनाव आयोग ने आधिकारिक तौर पर भाजपा को बहुमत (208 सीटें ) का विजेता घोषित कर दिया है, तो ममता बनर्जी का इस्तीफा देना केवल एक 'परंपरा ' है, कोई अनिवार्य कानूनी शर्त नहीं जिससे नई सरकार रुक जाए.
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 164 के तहत मुख्यमंत्री राज्यपाल के 'प्रसादपर्यत ' पद पर बने रहते हैं. जैसे ही यह स्पष्ट हो जाता है कि वर्तमान मुख्यमंत्री ने सदन में अपना बहुमत खो दिया है और दूसरी पार्टी के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त आंकड़े हैं, राज्यपाल के पास मुख्यमंत्री को पदमुक्त करने की पूरी शक्ति होती है.
राज्यपाल का ' चाबुक ' और संवैधानिक शक्तियां
अगर ममता बनर्जी इस्तीफा देने से मना करती हैं, तो राज्यपाल के पास निम्नलिखित विकल्प होते हैं. राज्यपाल मुख्यमंत्री को औपचारिक रूप से बर्खास्त कर सकते हैं क्योंकि उनके पास सदन का विश्वास नहीं रहा.
फ्लोर टेस्ट: राज्यपाल नई विधानसभा का सत्र बुलाकर तुरंत बहुमत साबित करने का निर्देश दे सकते हैं. चूंकि भाजपा के पास 208 सीटें हैं, ममता बनर्जी फ्लोर टेस्ट में हार जाएगी और उन्हें संवैधानिक रूप से हटाना ही होगा.
नई सरकार को आमंत्रण: राज्यपाल बहुमत वाली पार्टी ( भाजपा ) के नेता को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं. जैसे ही नए मुख्यमंत्री शपथ लेते हैं, पिछला मंत्रिमंडल अपने आप भंग माना जाता है.
क्या 9 मई की शपथ ग्रहण पर संकट है?
भाजपा ने 9 मई (रविंद्र जयंती ) को शपथ ग्रहण की तारीख तय की है. ममता बनर्जी का इस्तीफा न देना इस तारीख को आगे तो नहीं बढ़ा सकता, लेकिन यह एक ' प्रोटोकॉल संकट ' जरूर पैदा करेगा. आमतौर पर निवर्तमान मुख्यमंत्री इस्तीफा देते हैं और नए मुख्यमंत्री को बधाई देते हैं. यदि दीदी अपने रूख पर अड़ी रही, तो राजपाल सीधे राजभवन में भाजपा नेता को शपथ दिला सकते हैं. शपथ लेते ही प्रशासनिक नियंत्रण नए मुख्यमंत्री के पास चला जाएगा और मुख्य सचिव से लेकर डीजीपी तक सभी नए सीएम को रिपोर्ट करेंगे. ममता बनर्जी चाहकर भी सता के अधिकारिक संसाधनों का उपयोग नहीं कर पाएंगी.
ममता बनर्जी का दांव : 'कानूनी लड़ाई ' की तैयारी?
ममता बनर्जी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में ' धोखे ' और 'साजिश ' की बात की है. इसका मतलब है कि वह इस नतीजे को कोलकाता हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे सकती हैं. हालांकि, भारतीय चुनावी इतिहास गवाह है कि अदालतें कभी भी चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 'शपथ ग्रहण ' पर रोक नहीं लगाती. अदालतें चुनाव याचिका पर सुनवाई कर सकती है, लेकिन सरकार गठन की संवैधानिक प्रक्रिया को बाधित करना मुश्किल है.
सत्ता हस्तांतरण पत्थर की लकीर
ममता बनर्जी का इस्तीफा न देने का बयान एक 'सियासी संदेश ' से ज्यादा नहीं है और 'कानूनी हकीकत' कम. यह उनके समर्थकों को यह दिखाने की कोशिश है कि उन्होंने हार नहीं मानी है. लेकिन भारत का संविधान कितना मजबूत है कि वह किसी भी व्यक्ति को जनादेश के खिलाफ पद पर बने रहने की अनुमति नहीं देता. 9 मई को बंगाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण तय है. अगर दीदी खुद नहीं हटती हैं, तो कानून उन्हें हटा देगा. बंगाल की जनता ने अपनी पसंद चुन ली है, और अब गेंद राज्यपाल के पाले में है, जो जल्द ही भाजपा को सरकार बनाने का न्योता देकर इस सियासी ड्रामों पर विराम लगा सकते हैं.