बैलगाड़ी में निकली विधायक की बारात; CM बोले- दीपेश साहू ने समाज के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है
बेमेतरा में सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा मंत्रीगण ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद दिया। भाजपा विधायक दीपेश साहू ने सामूहिक विवाह आयोजन में शादी करके एक आदर्श पेश किया है जिसकी चारों ओर सराहना हो रही है।
बेमेतरा, 31 मई 2026। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू रविवार को सामूहिक विवाह आयोजन में बीपीएल परिवार की तरुणा साहू संग परिणय सूत्र में बंध गए। दीपेश साहू ने सामूहिक विवाह आयोजन में शादी करके समाज के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है। इसकी चारों ओर सराहना हो रही है। पूरे आयोजन में सादगी की ऐसी मिसाल पेश की गई कि लोग देखते ही रह गए। वरना आज वैवाहिक आयोजन भी शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बन गया है। दीपेश बैलगाड़ी में बैठकर बारात लेकर लड़की ब्याहने पहुंचे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव बैलों को हांकते हुए नजर आए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान कर उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।
दीपेश ने समाज के सामने के उदाहरण प्रस्तुत किया है: सीएम
मुख्यमंत्री साय ने विधायक दीपेश साहू के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए सामूहिक विवाह जैसे आयोजन का हिस्सा बनना और सादगीपूर्ण तरीके से विवाह करना समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक बैलगाड़ी में बारात निकालकर विधायक दीपेश साहू ने हमारी समृद्ध लोक परंपराओं, सांस्कृतिक जड़ों और सामाजिक समरसता को सम्मान देने का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह संदेश देता है कि आधुनिक जीवनशैली और सार्वजनिक दायित्वों के बीच भी अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जुड़ाव बनाए रखा जा सकता है।
मुख्यमंत्री साय ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन विश्वास, प्रेम, सम्मान और पारस्परिक सहयोग की मजबूत नींव पर आगे बढ़ता है। उन्होंने प्रभु श्री राम से सभी नवदंपतियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय दाम्पत्य जीवन की प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी जोड़े समाज और परिवार के लिए प्रेरणादायी जीवन का उदाहरण बनें।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद संतोष पाण्डेय, सांसद विजय बघेल, साजा विधायक ईश्वर साहू, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इन्द्र कुमार साहू, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बसना विधायक संपत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, नवदंपतियों के परिजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।