कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक 6 जून को दिल्ली में करेंगे प्रदर्शन, समर्थकों से बोले - एयरपोर्ट पर मिलो
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने 6 जून को भारत लौटकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने छात्रों और फॉलोअर्स से आंदोलन में शामिल होने की अपील की.
नई दिल्ली, 1 जून 2026. कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा है कि वो 6 जून को भारत वापस आएंगे और दिल्ली में एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे. उनकी मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए. वजह है परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियां, जिसे लाखों छात्र परेशान हैं. अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने अपने समर्थकों और छात्रों से अपील की कि वो उनके साथ दिल्ली में आवाज बुलंद करें.
उन्होंने वीडियो में कहा, ' अब वक्त आ गया है कि हम सब एक साथ आएं. संविधान के रास्ते पर चलते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखें और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करें. अगर हम मिलकर बोलेंगे तो सरकार को हमारी बात सुनना ही पड़ेगा.' उन्होंने यह भी कहा कि 6 जून, शनिवार की सुबह वो दिल्ली पहुंचेंगे. उन्होंने लोगों से गुजारिश की कि वो एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करें. इसके बाद सब मिलकर संसद मार्ग थाने जाएंगे और जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने की इजाजत मांगेंगे. दिपके का आरोप है कि परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों और विवादों की वजह से छात्र बेहद परेशान है. उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है.
वीडियो संदेश में अभिजीत ने क्या-क्या कहा?
अभिजीत दिपके ने एक वीडियो संदेश जारी कर भारत लौटने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि वे नीट परीक्षा विवाद और कथित पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देश वापस आ रहे हैं. अभिजीत दिपके ने दावा किया कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने उनका समर्थन किया है. और देशभर में जगह-जगह छात्र और युवा वर्ग आंदोलन कर रहे हैं.