• PBKS vs RR IPL: राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के 223 के मुकाबले 228 रन बनाया, यशस्वी और फरेरा की तूफानी बल्लेबाजी, राजस्थान ने 6 विकेट से हराया

    PBKS vs RR IPL: आईपीएल 2026 के 40वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

    नई दिल्ली, 29 अप्रैल 2026। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 40वां मुकाबला पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच बीते 28 अप्रैल को मुल्लांपुर में खेला गया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। बता दें कि पंजाब किंग्स इस सीजन पहली बार कोई मैच हारी है। उनकी विनिंग स्ट्रीक भी टूट गई है। इससे पहले पंजाब ने 7 मैचों में से 6 में जीत दर्ज की थी जबकि 1 मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकला था। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने इस जीत से बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के तूफान के बाद डोनोवान फरेरा और इम्पैक्ट प्लेयर शुभम दुबे की आतिशी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को उसके ही घर में छह विकेट से हरा दिया। इसी के साथ पंजाब का अजेय क्रम भी थम गया है। उसे इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान को जीत के लिए 223 रन बनाने थे जो उसने 19.2 ओवरों में बना लिए। 

    हैदराबाद और बेंगलुरु से आगे निकली राजस्थान
    पंजाब किंग्स ने टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए थे। 223 रन का टारगेट राजस्थान ने 19.2 ओवर में 6 विकेट रहते चेज कर लिया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने सबसे ज्यादा बार 200 प्लस टारगेट को चेज करने के मामले में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद को भी पीछे छोड़ दिया। बता दें कि आरसीबी और एसआरएच ने 200 प्लस का टारगेट आईपीएल में 5 बार चेज किया है।

    राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल में 200 प्लस टारगेट चेज करते हुए 6 मैच जीत लिए हैं। उन्होंने इस लिस्ट में मुंबई इंडियंस की बराबरी कर ली है। बता दें कि आईपीएल में 200 प्लस टारगेट सबसे ज्यादा 10 बार चेज करने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम है।

    डोनोवन फरेरा ने राजस्थान के रन चेज में निभाई अहम भूमिका
    राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 43 रनों की पारी खेली। यशस्वी ने 27 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के के दम पर 51 रन बनाए। उसके बाद साउथ अफ्रीका के डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे ने राजस्थान रॉयल्स के इस रन चेज में अहम भूमिका निभाई है। जहां डोनोवन फरेरा ने 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 26 गेंद में नाबाद 52 रन बनाए। वहीं शुभम दुबे ने 12 बॉल में 3 चौके और 2 छक्के के बूते नाबाद 31 रन 12 गेंद में बनाए।

    स्टोइनिस और प्रभसिमरन सिंह के विस्फोटक बल्लेबाजी से पंजाब ने बनाए 222 रन

    इससे पहले, प्रभसिमरन सिंह के शानदार अर्धशतक के बाद आखिरी के ओवरों में मार्कस स्टोइनिस की तूफानी पारी के दम पर पंजाब 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 222 रन बनाए। ये स्कोर ज्यादा हो सकता था लेकिन 13वें ओवर से राजस्थान ने पंजाब की रनगित को कंट्रोल किया जिसका असर देखने को मिला। आखिरी के तीन ओवरों में स्टोइनिस ने तेजी से रन बनाते हुए पंजाब का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। पंजाब के लिए प्रभसिमरन ने 44 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए। स्टोइनिस ने 20 गेंदों पर अर्धशतक जमाया। उन्होंने आखिरी ओवर में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। उन्होंने 22 गेंदों पर नाबाद 62 रनों की पारी खेली।

    राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 4 गेंद शेष रहते 6 विकेट से हराया।

    RR- 228/4 (19.2)

    PBKS- 222/4 (20 ओवर)

    पंजाब किंग्स (प्लेइंग इलेवन): प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल

    राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा

    PBKS VS RR मैच के बाद पॉइंट्स टेबल पर इन टीमों की स्थिति
    इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स की टीम 9 मैचों में 6 जीत और 3 हार के साथ 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल पर तीसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबिक पंजाब किंग्स 8 मैचों में 6 जीत, 1 हार और 1 रद्द मैच की वजह से 13 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल पर टॉप पर बनी हुई है।