• 'साधु ' बने पप्पू यादव के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज, भगवा पहनकर नुक्कड़ नाटक करके बुरे फंसे

    सांसद पप्पू यादव ने  संसद परिसर में साधु के वेश में नुक्कड़ नाटक किया और राम मंदिर दान चोरी का मुद्दा उठाया. लेकिन पप्पू यादव फंस गए हैं, क्योंकि उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. वहीं, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी नाराजगी जताई है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट:-

    नई दिल्ली, 1 अगस्त 2026. संसद परिसर में राम मंदिर चंदा गबन मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद सांसद पप्पू यादव के खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई है. शिकायत पत्र में उन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और धार्मिक प्रतीकों के अपमान का आरोप लगाया गया है. दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी सूर्य प्रकाश शर्मा उर्फ सूर्या मैथिल ने पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और अन्य नेताओं के खिलाफ पुलिस में धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत की है.

    आरोप है कि संसद परिसर के बाहर किए गए एक नुक्कड़ नाटक के दौरान भगवा वस्त्र, राम मंदिर की प्रतीकात्मक दान पेटिका और भगवान राम से जुड़े प्रतीकों का इस्तेमाल करके धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया है. मीडिया चैनलों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से नुक्कड़ नाटक के मंचन की जानकारी मिली. नाटक में सांसद पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र पहनकर चोर का किरदार निभाया. इस दौरान कई कांग्रेस और सपा सांसदों  ने उस नाटक का खूब लुप्त भी उठाया.

    राहुल-- डिंपल और अवधेश कुमार पर भी आरोप 

    सांसद राहुल गांधी, सांसद डिंपल यादव, सांसद अवधेश कुमार और अन्य लोगों पर भी नुक्कड़ नाटक में शामिल होने का आरोप है. शिकायतकर्ता शर्मा का कहना है कि इस मंचन के दौरान जूते - चप्पल पहनकर दानपेटिका में पैसे डालने और उसे छीनने जैसी हरकतें की गई. यह संत समाज, सनातन समाज और धार्मिक प्रतीकों का अपमान है. इसलिए जहांगीरपुरी पुलिस  में शिकायत देकर मामले की जांच करने और आरोप सही पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है.

    बता दें कि लखनऊ में भी सांसद पप्पू यादव के नुक्कड़ नाटक करने के प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई थी. तब भी सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने भगवा रूप को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसमें 'पप्पू यादव के मुर्दाबाद ' के नारे लगे थे. प्रतीकात्मक  आरती को कंधा देकर 'राम नाम सत्य है' के नारे भी लगाए गए थे. इस बीच  कृष्ण जन्मभूमि मथुरा शहर में भी अनेक साधु संतों ने पप्पू यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और  उनके फोटो चित्र का पुतला दहन किया.