• उद्घाटन से 24 घंटे पहले राजस्थान की पचपदरा रिफाइनरी जलकर खाक, 21 को PM मोदी के हाथों था लोकार्पण

    राजस्थान के बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने की घटना सामने आई है। यह हादसा नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से करीब 24 घंटे पहले हुआ। एहतियातन पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मंगलवार को इस यूनिट का उद्घाटन करने वाले हैं।

    बालोतरा, 21 अप्रैल 2026। राजस्थान के बालोतरा जिले की पचपदरा रिफाइनरी में उद्घाटन के एक दिन पहले आग लग गई। यहां पचपदरा स्थित रिफाइनरी की CDU यूनिट में सोमवार को भीषण आग लगने की खबर सामने आई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर तुरंत बड़ी संख्या में दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं। इसके बाद दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। यह प्रोजेक्ट Hindustan Petroleum Corporation Limited और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है, जहां मुंद्रा पोर्ट से कच्चे तेल की पाइपलाइन जुड़ी हुई है। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 79450 करोड़ बताई जा रही है। यह राष्ट्र के लिए बड़ी क्षति है।

    दूर से ही दिख रहा धुएं का गुबार

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद रिफाइनरी परिसर में धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रशासन और तकनीकी टीम मौके पर जांच में जुटी हुई है। वहीं यह घटना इसलिए भी बेहद गंभीर मानी जा रही है क्योंकि 21 अप्रैल को ही प्रधानमंत्री द्वारा रिफाइनरी के लोकार्पण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं, सोमवार शाम करीब 4 बजे मुख्यमंत्री के भी रिफाइनरी पहुंचने का कार्यक्रम तय था। ऐसे में इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।

    सोमवार शाम को ही दौरा करने वाले थे सीएम

    अधिकारियों ने बताया कि दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिशें जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि हालात को काबू करने के लिए आपातकालीन टीमों को लगाया गया है तथा किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी सोमवार को शाम करीब चार बजे रिफाइनरी का दौरा करने का कार्यक्रम है। पीएम मोदी 21 अप्रैल को इस रिफाइनरी का लोकार्पण करने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि अभी और जानकारी का इंतज़ार है एवं नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार आग रिफाइनरी के 'क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट' में लगी।