• RCB vs DC IPL: दिल्ली कैपिटल्स ने घर में घुसकर बेंगलुरु को दी पटखनी, रोमांचक मैच में आरसीबी की करारी हार

    RCB vs DC IPL: दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को मात दी। आरसीबी ने दिल्ली के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा था। राहुल और स्टब्स ने अर्धशतकीय पारी खेली।
    बेंगलुरु, 18 अप्रैल 2026। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) आईपीएल 2026 में जीत की पटरी पर लौट आई है। डीसी ने शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ छह विकेट से रोमांचक जीत हासिल की। आरसीबी ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 176 रनों का टारगेट दिया, जिसे डीसी ने 19.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर चेज किया। दिल्ली को आखिरी ओवर में 15 रनों की जरूरत थी। ऐसे में डेविड मिलर ने रोमारियो शेफर्ड के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो चौके और एक चौका लगाकर जीत की दहलीज पर कराई। यह डीसी की पांच मैचों में तीसरी जीत है जबकि डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी को छह मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

    लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने खराब आगाज किया। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर में पथुम निसाका (1) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। भुवनेश्वर ने तीसरे ओवर में करुण नायर (5) और समीर रिजवी (2) का शिकार किया। डीसी 18 रन पर तीन विकेट गंवाकर जूझ रही थी, जिसके बाद केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टबस ने बखूबी मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की। राहुल ने 34 गेंदों में 57 रन जुटाए, जिसमें छह चौके और दो सिक्स हैं। उन्हें 11वें ओवर में क्रुणाल पांड्या ने पवेलियन भेजा। इसके बाद, स्टब्स ने कप्तान अक्षर पटेल (19 गेंदों में 26) के संग 47 रन जोड़े। अक्षर 16वें ओवर में रिटायर्ड हर्ट हुए। फिर मिलर उतरे। उन्होंने और स्टब्स ने छठे विकेट के लिए 45 रनों की अटूट पार्टनरशिप की। स्टब्स ने 47 गेंदों में नाबाद 60 रनों की पारी खेली। उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। मिलर 10 गेंदों में 22 रन बनाकर नाबाद लौटे।

    इससे पहले, आरसीबी ने टॉस गंवाने के बाद निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 175 रन बनाए। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के लिए सर्वाधिक रन फिल साल्ट ने बनाए। सलामी बल्लेबाज साल्ट ने 28 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 63 रनों की पारी खेली। टिम डेविड ने 17 गेंदों में 26 रनों का योगदान दिया। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 13 गेंदों में तीन चौकों के जरिए 19 रनों की पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल (13 गेंदों में 18), जितेश शर्मा (20 गेंदों में 14) और कप्तान रजत पाटीदार (4 गेंदों में 8) भी कुछ खास धमाल नहीं मचा सके। रोमारियो शेफर्ड के बल्ले से महज एक रन निकला। क्रुणाल पांड्या 10 गेंदों में 12 बनाकर रनआउट हुए। भुवनेश्वर कुमार 2 गेंदों में 3 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली के लिए कुलदीप यादव, कप्तान अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी ने दो-दो जबकि मुकेश कुमार ने एक विकेट चटकाया।

    DC Score: 179/4 (19.5 ओवर)

    RCB Score: 175/8 (20 ओवर)

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेइंग XI: विराट कोहली, फिलिप सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड।

    दिल्ली कैपिटल्स प्लेइंग XI: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, औकिब नबी दार, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार।