• पूरी जिंदगी मांगती रही भीख, मौत के बाद घर में 30 बोरी कैश देखकर लोगों की आंख फटी की फटी रह गई

    कर्नाटक के  मांड्या में भीख मांगकर जीवन गुजारने वाली इस बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसके घर से 30 से अधिक बोरियों में भरे लाखों रुपए के नोट मिले हैं. पढ़िए क्या है मामला... समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट :-

    बेंगलुरु, 24 अगस्त 2026. ताउम्र भीख मांगकर अपना पेट भरने वाली एक बुजुर्ग महिला हाल ही में जब इस दुनिया से चली गई, तो पीछे ऐसा रहस्य छोड़ गई जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया. कर्नाटक के मांड्या जिले से एक ऐसी ही चौंकाने वाली वाक्या सामने आई है. यहां भीख मांगकर अपना पेट पालने वाली एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद जब लोगों ने उसके घर की तलाशी ली, तो सबकी आंखें फटी की फटी रह गई. महिला के छोटे से कमरे से नोटों से ठसाठस भरी हुई 30 से अधिक बोरियां मिली है.

    भाड़े के घर में अकेली रहती थी महिला
    यह पूरा मामला मांड्या जिले के गुथालू इलाके का है. यहां 'हूर उन्निसा ' नाम की बुजुर्ग महिला अपनी बहन के साथ भाड़े के घर में रहती थी. दोनों बहनों ने कभी शादी नहीं की थी और भीख मांगकर अपना जीवन चलाती थी. करीब 2 साल पहले हूर की बहन की मौत हो गई थी, इसके बाद से वह घर में बिल्कुल अकेली पड़ गई थी. हाल ही में बीमारी और बुढ़ापे की वजह से 'हूर उन्निसा ' का भी निधन हो गया.

    बोरियां खोली तो निकले 10,20 और 50 के नोट
    बुजुर्ग महिला की मौत के बाद जब स्थानीय लोग उसके अंतिम संस्कार और घर की व्यवस्था के लिए अंदर गए तो वहां का नजारा देखकर सब सन्न रह गए. पूरे घर में प्लास्टिक की बोरियां रखी हुई थी. जब बोरियां को खोला गया, तो उनमें 10, 20 और 50 के रुपए कड़कड़ाते और मुड़े - तुड़े नोटों  का अंबार लगा हुआ था.

    अभी 20 से अधिक बोरियां गिनना बाकी
    स्थानीय लोगों और समुदाय के सदस्यों ने जब नोटों की गिनती शुरू की, तू कई घंटे बीत गए और खत्म होने का नाम नहीं ले रहे थे. शुरुआती गिनती में ही करीब 8 से 9 लाख रुपए गिने जा चुके हैं, जबकि अभी 20 से अधिक बोरियों की गिनती होनी बाकी है. अनुमान लगाया जा रहा है कि यह रकम कई लाख तक पहुंच सकती है.

    मस्जिद में रखवाए गए पैसे, रिश्तेदारों का इंतजार
    फिलहाल घर से मिले सारे पैसों को इलाके की मस्जिद की देखरेख में सुरक्षित रखवा दिया गया है. स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने 'हूर उन्निसा ' के रिश्तेदारों को खबर भेज दी है. उनके आने के बाद ही बाकी बची बोरियों के कैश की गिनती की जाएगी और यह तय किया जाएगा कि इस संपत्ति का आखिर कानूनी हकदार कौन होगा?