• Solapur Accident: सोलापुर में मंदिर से दर्शन कर पिकअप से लौट रहे थे, रास्ते में गाड़ी कुएं में गिरी, 8 की मौत, PM का 2-2 लाख मुआवजा

    Solapur Accident: महाराष्ट्र में सोलापुर जिले के मालशिरस में बड़ी अनहोनी हुई है। जहां एक पिकअप गाड़ी कुएं में गिर गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि प्रशासन और स्थानीय लोगों ने सात अन्य लोगों को बचा लिया। मरने वालों में चार बच्चे और चार महिलाएं हैं। पीएम मोदी ने मृतक परिवारों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

    सोलापुर, 15 जून 2026। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। जिले के मालशिरस इलाके में तंदुलवाड़ी गांव के पास 15 श्रद्धालुओं को ले जा रही एक पिक-अप वैन कुएं में गिर गई। इस हादसे में चार बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सात लोगों को बचा लिया गया। श्रद्धालु सोलापुर जिले के म्हसवड में सिद्धनाथ मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे, तभी पिक-अप वैन कुएं में गिर गई।

    कहां हुआ हादसा?
    यह हादसा मालशिरस तालुका में म्हास्वद-पंढरपुर रोड पर तंदुलवाड़ी गांव के पास हुआ। कुआं सड़क से सटे एक खेत में स्थित है। इसकी मुंडेर (बाउंड्री वॉल) ऊंची नहीं थी और यह पानी से लबालब भरा हुआ था। तीर्थयात्रियों की पिकअप गाड़ी इसी कुएं में गिर गई। हालांकि हादसे का सही कारण अभी पता नहीं चला है। 

    सिद्धनाथ मंदिर से लौट रहे थे लोग
    हमारे सहयोगी महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रंजनीगांव के 15 लोग म्हास्वद में सिद्धनाथ मंदिर जाने के लिए पिकअप गाड़ी में गए थे। दर्शन के बाद गांव लौटते समय यह हादसा हुआ, जिसमें आठ लोगों की दुखद मौत हो गई। पूरा इलाका इस नुकसान से शोक में है। खबर मिलते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। 

    पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के लोगों के साथ स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में शामिल थे। जिला कलेक्टरेट के अधिकारी और नेता भी मौके पर पहुंचे। सोलापुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी ने कहा, “आठ मृतकों में चार बच्चे और चार बड़े शामिल हैं। पिक-अप गाड़ी में 15 यात्री थे, सभी रिश्तेदार थे। सात लोगों को बचा लिया गया है। हादसा शाम 5 बजे से 5.15 बजे के बीच हुआ।”

    एसपी ने क्या कहा?
    सोलापुर के अकलुज डिवीज़न के डीएसपी संतोष वाल्के ने कहा, “यह हादसा सोलापुर ज़िले के मालशिरस तालुका के तंदुलवाड़ी गांव में सतारा-पंढरपुर हाईवे पर हुआ। मरने वाले पंढरपुर के रहने वाले हैं और सतारा के म्हसवड से एक पिक-अप गाड़ी में लौट रहे थे। पहली नज़र में जांच से पता चलता है कि ड्राइवर का कंट्रोल खो गया और गाड़ी सड़क किनारे कुएं में गिर गई। आगे की जांच जारी है।”

    सांसद ने लगाया कार्रवाई न करने का आरोप
    माधा के सांसद धैर्यशील मोहिते-पाटिल ने कहा, “हमने कई पत्र भेजे और मीटिंग कीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हर महीने हादसे होते हैं, और सरकार हमारी बार-बार की शिकायतों को नज़रअंदाज़ करती रही।”
    एसपी अतुल कुलकर्णी ने कहा, “यह एक खेत का कुआं है, जो सड़क से नीचे है। इसलिए एक छोटी सुरक्षा दीवार बेअसर हो सकती थी। ड्राइवर के कंट्रोल खोने के बाद गाड़ी डूब गई।”

    प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये सहायता

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के सोलापुर ग्रामीण इलाके में हुए दुखद हादसे पर गहरा शोक जताया है. 
    प्रधानमंत्री ने कहा कि इस हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके अलावा हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.