• SRH vs RR IPL: हैदराबाद ने रोका राजस्थान का विजय रथ, प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने उड़ाया गर्दा

    SRH vs RR IPL: सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से धूल चटाई। हैदराबाद ने 217 रनों का टारगेट दिया था। प्रफुल्ल हिंगे ने कातिलाना गेंदबाजी की। वहीं हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन ने 44 गेंदों में 91 रन बनाए। वे 9 रन से शतक से चूक गए।
    हैदराबाद, 13 अप्रैल 2026। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का विजय रथ रोक दिया है। एसआरएच ने सोमवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आरआर को 57 रनों से रौंदा। यह राजस्थान टीम की लगातार चार मैच जीतने के बाद सीजन में पहली हार है। एसआरएच ने पांच मैचों में दूसरी जीत हासिल की है। एसआरएच ने 217 रनों का टारगेट दिया, जिसके जवाब में आरआर की पारी 19 ओवर में 159 रनों पर सिमट गई। डेब्यूटेंट प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने गर्दा उड़ाया। प्रफुल्ल ने चार ओवर के स्पेल में 34 रन देकर चार शिकार किए। हुसैन ने स्पेल में 24 रन खर्च किए और चार विकेट चटकाए। ईशान मलिंगा को दो विकेट मिले।

    राजस्थान की लक्ष्य का पीछा करते हुए हालत खस्ता रही। आरआर ने महज 9 रन जोड़कर पांच विकेट खो दिए थे। हिंगे ने पहले ओवर में तीन शिकार किए। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रीटोरियस को खाता हीं खोलने दिया। हिंगे ने तीसरे ओवर में कप्तान रियान पराग (4) को पवेलियन भेजा। हुसैन ने दूसरे ओवर में यशस्वी जायसवाल (1) को आउट किया। संकट में डोनोवन फरेरा (44 गेंदों में 69) और रवींद्र जडेजा (32 गेंदों में 44) ने मोर्चा संभाला और आरआर को जल्द ढेर होने से बचाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी की। हुसैन ने 15वें ओवर में फरेरा को बोल्ड कर साझेदारी को तोड़ा। उनके जाल में जोफ्रा आर्चर (2) और रवि बिश्नोई (0) भी फंसे। तुषार देशपांडे ने 11 गेंदों में 25 रन बटोरे। वह आरआर की ओर आउट होने वाले आखिरी प्लेयर रहे।

    इससे पहले, एसआरएच ने टॉस गंवाने के बाद निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 216 रन जुटाए। कप्तान ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की। वह सिर्फ 9 रनों से शतक से चूके। ईशान ने 44 गेंदों में 91 रन जोड़े, जिसमें आठ चौके और छह सिक्स हैं। हेनरिक क्लासेन ने 26 गेंदों में 40 जबकि नीतिश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में 28 रन बटोरे। टैविस हेड (18 गेंदों में 18) बड़ी पारी नहीं खेल पाए। अनिकेत वर्मा 6 रन जोड़कर रनआउट हुए। सलिल अरोड़ा 13 गेंदों में रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें दो चौके और इतने ही छक्के हैं। अभिषेक शर्मा का खाता नहीं खुला। उन्हें पहली गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने आउट किया। राजस्थान के लिए आर्चर ने दो, संदीप शर्मा, कप्तान रियान पराग और तुषार देशपांडे ने एक-एक विकेट हासिल किया।

    Rajasthan Royals Score: 159/10 (19 ओवर)

    Sunrisers Hyderabad Score: 216/6 (20 ओवर)

    सनराइजर्स हैदराबाद प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल हिंगे, ईशान मलिंगा।

    राजस्थान रॉयल्स प्लेइंग XI: यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे।