प्रयागराज में एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने लगाए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप
उत्तर प्रदेश में पन्ना की रहने वाली एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. मृतका सृष्टि मिश्रा के माता-पिता ने हत्या का लगाया आरोप. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:
पन्ना, 2 जुलाई 2026. यहां के पवई निवासी अनुराग मिश्रा की बेटी और प्रयागराज के एक निजी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा सृष्टि मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. सृष्टि के माता-पिता ने बुधवार (1 जुलाई) के मीडिया ब्रीफिंग में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय पुलिस की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ तुरंत कि दर्ज करने एवं मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है.
सृष्टि की अचानक मिली लाश
परिजनों के मुताबिक, सृष्टि 15 जून को अपने घर से बिल्कुल स्वस्थ अवस्था में पढ़ाई के लिए प्रयागराज गई थी. घटना की रात उसने अपनी मां से करीब 20 मिनट तक सामान्य स्थिति में बातचीत की थी लेकिन 20 जून की सुबह परिजनों को सृष्टि के ही मोबाइल से फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई. जब घबराए परिजन प्रयागराज स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तो सृष्टि उन्हें इमरजेंसी वार्ड में मृतक के तौर पर मिली.
सृष्टि के पिता अनुराग मिश्रा ने इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए कहा, " सृष्टि के चेहरे का रंग नीला पड़ चुका था और उसके हाथ की उंगलियों से सोने की अंगूठी गायब थी. जबकि कालेज प्रशासन ने सृष्टि की मौत की वजह उसे मिर्गी का दौरा होना बताया है, लेकिन सृष्टि के पिता बता रहे थे कि उसे कभी मिर्गी की कोई शिकायत नहीं थी. वहीं सृष्टि के मोबाइल से सोशल मीडिया अकाउंट्स सहित कई महत्वपूर्ण एप्लीकेशन डिलीट पाए गए हैं. जबकि पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान वहां मौजूद एक चिकित्सक की भूमिका भी संदिग्ध है."
पुलिस की सुस्ती पर भारी आक्रोश
अनुराग मिश्रा बताते हैं कि " 22 जून को पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सृष्टि का मोबाइल भी पुलिस को सौंप दिया गया था. बावजूद इसके अब तक कोई प्राथमिकी दर्द नहीं की गई है और न ही परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंपी गई है. सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि पुलिस ने अब तक मेडिकल कॉलेज या कॉलेज हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की जहमत नहीं उठाई है.
मृतका सृष्टि मिश्रा की मां आशा मिश्रा ने कहा,
"मेरी बेटी की योजनाबद्ध तरीके से हत्या हुई है. प्रशासन से हमारी मांग है कि कॉलेज और हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज निकाले जाएं, उसके साथी छात्र-छात्राओं यह पूछताछ हो और सृष्टि की मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जाए." सृष्टि की संदिग्ध मौत से उसके गृह नगर पन्ना- पवई में भारी जनआक्रोश है. स्थानीय नगर वासियों ने भी पीड़ित परिवार का साथ देते हुए इस पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है.