• सुवेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद अब तक 5 लोगों की हत्या

    पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा चरम पर है। बुधवार की देर रात बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्र नाथ रथ की मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। 

    कोलकाता, 7 मई 2026। बंगाल में राजनीतिक हिंसा का तांडव एक बार फिर चरम पर है। बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में बेखौफ बदमाशों ने भाजपा के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब रथ अपनी गाड़ी से जा रहे थे। बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद अब तक पांच लोगों की हत्या हुई है जिसमें तीन भाजपा और दो टीएससी  से जुड़े हुए लोग बताए जा रहे हैं। 

    स्थानीय सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन हमलावर दोहारिया इलाके में चंद्रनाथ की गाड़ी का पीछा कर रहे थे। मौका पाकर बदमाशों ने गाड़ी को घेर लिया और बेहद करीब से कई राउंड फायर किए। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। इस हमले में गाड़ी में मौजूद उनके सहयोगी बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

    घटना की सूचना मिलते ही रात में ही सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे। सुवेंदु अधिकारी ने PA की हत्या को प्लान्ड मर्डर बताया है और कहा कि यह टीएमसी के 15 सालों के महाजंगलराज का नतीजा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि भाजपा बंगाल में गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी।

    भवानीपुर चुनाव के रणनीतिकार थे रथ
    मूल रूप से पूर्व मेदिनीपुर के निवासी चंद्रनाथ रथ, भाजपा के रणनीतिक गलियारों में एक जाना-माना नाम थे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भवानीपुर विधानसभा चुनाव के दौरान सुवेंदु अधिकारी की टीम के वह सबसे प्रमुख चेहरों में से एक थे।

    प्रशासनिक विफलता या सोची-समझी साजिश?
    इस हत्याकांड के बाद बंगाल की सियासत में उबाल आ गया है। भाजपा ने इसे 'राजनीतिक हत्या' करार देते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने टीएमसी पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। रात के सन्नाटे में हुई इस वारदात ने प्रशासन के उन दावों की पोल खोल दी है, जिनमें शांति और सुरक्षा की बात कही जाती है।

    टीएमसी ने मामले की CBI जांच की मांग की
     
    टीएमसी ने सुवेंदु के PA की हत्या के पीछे अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने के आरोपों का खंडन करते हुए मामले की CBI जांच की मांग की है। पार्टी ने बुधवार देर रात वक्तव्य जारी करते हुए कहा-
    " हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की निंदा करते हैं। हम इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें कोर्ट की निगरानी में CBI जांच कराई जाए। अन्य भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी जांच कराई जाए।"