• अपेक्स बैंक के एमडी कांडे को लेकर एक ही दिन में दो आदेश हुए जारी, पढ़ें राज्य शासन का अंतिम निर्णय

    रायपुर, 6 मई 2026। अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक एवं सहकारिता मंत्री के ओएसडी के. एन. कांडे को लेकर राज्य शासन ने एक ही दिन में दो बार आदेश जारी किया। 6 मई को पूर्वान्ह 11.33 बजे जारी आदेश के मुताबिक कांडे की प्रतिनियुक्ति प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित से वापस लेकर उन्हें अपर आयुक्त, कार्यालय पंजीयक सहकारी संस्थाएं पदस्थ किया गया था। बुधवार को ही देर शाम सहकारिता विभाग के अवर सचिव देवलाल भारती ने संशोधित आदेश जारी कर स्पष्ट किया कि के.एन. कांडे, प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित में यथावत प्रतिनियुक्ति पर रहेंगे। उन्हें केवल सहकारिता मंत्री के निजी स्थापना में ओएसडी के पद से मुक्त किया गया है। यानी कांडे अपेक्स बैंक के एमडी बने रहेंगे। 

    सुबह के आदेश के बाद मीडिया में कई तरह की खबरें भी चल रही थी कि अपेक्स बैंक के अध्यक्ष के साथ कांडे की पटरी नहीं बैठ रही है इसलिए अध्यक्ष ने उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त करवा दी है। अपेक्स बैंक में कांडे को यथावत रखकर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने उन पर पुनः भरोसा जताया है। मिली जानकारी के अनुसार कांडे इसी साल अगस्त महीने में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। बैंक के अधिकारियों का कहना है 3 महीने के लिए कांडे को नहीं हटाए  जाना चाहिए। एक अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष भी कांडे के नेतृत्व में सहकारी बैंकों ने करीब 26 लाख किसानों को उनके खाते में धान खरीदी के 43 हजार रुपए से अधिक की राशि का भुगतान किया गया है। किसानों को कृषि ऋण वितरण करीब 8 हजार करोड़ पहुंच गया है।