कांग्रेस पार्टी करने वाली है संगठन में बड़े फेरबदल, बदले जाएंगे कई सचिव, ममता बनर्जी को भी...
कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन स्तर पर कई बड़े बदलाव कर सकती है. हालांकि, इसे लेकर पार्टी ने कोई योजना सार्वजनिक नहीं की है. यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के... समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
नई दिल्ली, 11 जून 2026. 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव कर सकती है. कहा जा रहा है कि इसमें एआईसीसी सचिवों को बदलना या फेरबदल शामिल है. खास बात है कि यह घटनाक्रम ऐसे वक्त पर हो रहा है, जब दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस की विलय की चर्चाएं हैं. कहा जा रहा है कि अगर टीएमसी विलय करती है, तो ममता बनर्जी और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को शीर्ष पद मिल सकती है.
सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस करीब 50% सचिवों को बदल सकती है. हालांकि, इसे लेकर कांग्रेस की तरफ से अभी घोषणा किया जाना बाकी है. हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा सांसद राहुल गांधी की मीटिंग भी हुई थी, जिसमें सचिवों को पिछले 6 महीने की रिपोर्ट्स लाने के लिए कहा गया था. खास बात है कि इससे पहले कांग्रेस ने महासचिवों से सचिवों और प्रभारियों के काम का फीडबैक भी मांगा था. रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेसी राज्यों और केंद्रीय स्तर पर बड़ा संगठनात्मक बदलाव कर सकती है.
बदलाव के संकेत
मीडिया से बातचीत में एक सचिव ने कहा,' जब हम राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने गए, तो उन्होंने पहले से ही हमारे बारे में राज्यों के महासचिव और प्रभारियों से फीडबैक ले रखी थी. वे हमारे साथ बैठे और हमें अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया. उन्होंने हमसे पूछा कि राज्यों में पार्टी के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए और क्या किया जाना चाहिए. हम में से कुछ लोगों से साफ कह दिया गया कि हमारा काम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, इसलिए हमारी जगह किसी और को रखा जा सकता है.'
सूत्रों का कहना है कि कुछ सचिवों के काम से राहुल गांधी खुश नहीं थे और उन्हें अधिक सक्रिय होने के लिए कहा गया है. सूत्र बताते हैं कि इस दौरान उत्तर प्रदेश और पंजाब के सचिवों में बदलाव किया जा सकता है. संभावनाएं जताई जा रही है कि फरवरी 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले नेतृत्व परिवर्तन किया जा सकता है. अटकलें तो यह भी है कि राजा अमरिंदर सिंह वडिंग को हटाकर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को कमान सौंपी जा सकती है.
ममता बनर्जी को मिलेगा मौका
खबरें हैं कि कांग्रेस ने टीएमसी को विलय की पेशकश की है. बुधवार को इसे लेकर अटकलों का दौर जारी रहा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस ने ममता बनर्जी को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाने की पेशकश की है. वहीं, भतीजे अभिषेक बनर्जी को कांग्रेस महासचिव पद की. हालांकि, दोनों ही दलों ने फिलहाल अटकलों को खारिज कर दिया है.