• विश्वनाथ देहाती अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत

    हैदराबाद, 27 जुलाई 2026। अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मदन गोपाल तिवाड़ी ने संघ का विस्तार करते हुए तेलंगाना  प्रदेश अध्यक्ष के पद पर हैदराबाद  निवासी वरिष्ठ पत्रकार एवं हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल 'आज की आवाज़' के समाचार संपादक  विश्वनाथ देहाती को मनोनीत किया है। यह मनोनयन संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजेंद्र कुमार जैमिनी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री कृष्णा मुरारी शराफ की अनुशंसा से किया गया है।

    राष्ट्रीय अध्यक्ष तिवाड़ी ने देहाती को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करते हुए यह भी स्पष्ट किया है कि वे संपूर्ण तेलंगाना प्रदेश में संघ के सदस्य बनाने एवं कार्यकारिणी का गठन करने के लिए अधिकृत किया गया है‌। आपका कार्य क्षेत्र संपूर्ण तेलंगाना प्रदेश रहेगा। आपका कार्यकाल 31 दिसंबर 2027 तक रहेगा आशा है, आपके नेतृत्व में संपूर्ण तेलंगाना प्रदेश के संघ सदस्यों की प्रगति होगी एवं उनकी समस्याओं का समाधान होगा।

    बता दें कि विश्वनाथ देहाती को पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वे विभिन्न अखबारों के लिए काम करते हुए करीब 50 साल मीडिया क्षेत्र को दे चुके हैं। विश्वनाथ देहाती हिंदी पत्रकारिता के पुराने वट वृक्ष हैं। आज भी वे 71 वर्ष की उम्र में भी उतनी ही सक्रियता के साथ हिंदी पत्रकारिता को अपना योगदान दे रहे हैं। अभी उनके पास लोकप्रिय राष्ट्रीय हिंदी डिजिटल पोर्टल 'आज की आवाज़' के समाचार सम्पादक का दायित्व है। विश्वनाथ देहाती ने उन दिनों में पत्रकारिता की शुरुआत की जब पत्रकारिता एक जुनून होती थी। सच को लिखने की नैतिक जवाबदारी होती थी। तब पत्रकारिता में केवल संघर्ष था। आजकल पत्रकारिता में कई तरह के साधन बन चुके हैं।

    विश्वनाथ देहाती कवि हृदय वाले पत्रकार है। साहित्यिक अभिरुचि के कारण उनकी कई रचनाएं भी प्रकाशित हुई है। साहित्यिक आयोजनों में भी बड़ी सक्रियता से भाग लेते हैं। देश की राष्ट्रीय घटनाक्रमों पर देहाती विश्वनाथ की पैनी नजर रहती है। बदलते राजनीतिक समीकरणों को वे बखूबी भांप लेते हैं। हैदराबाद के पत्रकार पवन भारती कहते हैं कि देहाती जी पत्रकारिता के पुरोधा हैं। उनकी पैनी नजर से सच्चाई छुपती नहीं है। उनकी सक्रियता हम जैसे युवाओं को प्रेरित करती है।

    बहरहाल अंतर्राष्ट्रीय पत्रकार संघ के तेलंगाना के प्रदेश अध्यक्ष मनोनयन पर देहाती को उनके शुभचिंतकों और चाहने वालों शुभकामनाएं दी है। वहीं  'आज की आवाज' के संपादक डी.आर. साहू ने कहा कि देहाती की नियुक्ति हमारे लिए खुशी का विषय है। 'आज की आवाज़' परिवार की ओर से उन्हें बधाई..।