• पति को समोसा लेने भेजकर प्रेमी संग रफूचक्कर हुई महिला

    अलीगढ़ के गोंडा में एक अजीबोग़रीब मामला सामने आया है। समोसा लेकर लौटा तो पत्नी गायब मिली। युवक ने बताया कि पत्नी दो- तीन दिनों से शॉपिंग कराने के लिए तंग कर रही थी।

    गोंडा/अलीगढ़, 31 जुलाई 2026। गोंडा कस्बे में मंगलवार को एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां महिला पति के साथ शॉपिंग करने आ गई। पति को दुकान से समोसे लेने भेज दिया। इसी बीच महिला प्रेमी की बाइक पर बैठकर रफूचक्कर हो गई। पत्नी को गायब देख युवक दंग रह गया। अब पुलिस घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

    शॉपिंग के लिए पिता से लिए थे दस हजार रुपये
    जिला हाथरस के एक गांव निवासी महिला की शादी दो माह पहले गोंडा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। मंगलवार को महिला ने पति से शॉपिंग कराने की बात कही। पति महिला को बाइक से कस्बा गोंडा शॉपिंग कराने आ गया। शॉपिंग करने के बाद पति को दुकान से समोसे लेने भेज दिया। इसी बीच महिला प्रेमी की बुलट बाइक पर बैठकर रफूचक्कर हो गई। पति दुकान से समोसे लेकर वापस लौटा तो पत्नी नहीं मिली। युवक ने ईधर-उधर महिला को तलाश करना शुरू कर दिया। मगर कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। उधर सूचना मिलते ही थाना पुलिस आ गई। पुलिस घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। यह खबर पूरे कस्बे में चर्चा का विषय बनी रही।

    पुलिस खंगाल रही मोबाइल की सीडीआर
    पत्नी की जिद के चलते युवक पिता से दस हजार रुपए लेकर आया था। इसके बाद उसे कस्बे में शॉपिंग कराई। घर में नई बहू आने पर पिता ने भी रुपए देने से मना नहीं किया। अब पुलिस महिला के मोबाइल नंबर की सीडीआर खंगाल रही है। हालांकि अभी तक कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगा है। उधर खबर मिलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग भी आ गए।

    वहीं गोंडा थाना प्रभारी मोनू आर्य ने कहा कि " पति के साथ आई महिला दूसरे युवक के साथ फरार हो गई। तहरीर के आधार पर महिला की तलाश की जा रही है। जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।"